जन विश्वास अभियान के तहत ग्यारसपुर में खाद्य आयुक्त ने किया शासकीय उचित मूल्य दुकानों, पेट्रोल पंप एवं वेयरहाउस का निरीक्षण
..
जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आज आयुक्त खाद्य श्री दिनेश जैन एवं सहायक संचालक श्री अनिल तंतुवाय द्वारा विदिशा जिले के ग्यारसपुर विकासखंड का भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने विकासखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न संस्थानों एवं खाद्य वितरण व्यवस्था से जुड़े केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आयुक्त खाद्य एवं सहायक संचालक द्वारा ग्यारसपुर विकासखंड की 03 शासकीय उचित मूल्य दुकानों, 01 पेट्रोल पंप तथा राधाकृष्णन वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया। इस दौरान संबंधित संस्थानों में उपलब्ध व्यवस्थाओं, संचालन एवं उपभोक्ताओं को प्रदान की जा रही सुविधाओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान आयुक्त खाद्य श्री दिनेश जैन द्वारा मार्केटिंग सोसाइटी ग्यारसपुर द्वारा संचालित मार्केटिंग किराना स्टोर का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने स्टोर के संचालन एवं वहां उपलब्ध सामग्री की जानकारी संचालक श्री अजय कुमार लोधी से प्राप्त की। स्टोर की व्यवस्थाओं एवं कुशल संचालन की आयुक्त द्वारा सराहना की गई।
आयुक्त श्री जैन ने सहकारी समितियों के माध्यम से संचालित जन पोषण मार्ट की इस पहल को उपयोगी एवं नवाचारपूर्ण बताते हुए इसकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बाजार की तुलना में कम दरों पर गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराना इस प्रकार के स्टोर की महत्वपूर्ण विशेषता है। उन्होंने स्वयं भी मार्केटिंग किराना स्टोर से सामग्री की खरीदारी की तथा स्थानीय नागरिकों से भी ऐसे स्टोर का लाभ उठाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं द्वारा जनहित को ध्यान में रखते हुए संचालित किए जा रहे जन पोषण मार्ट एवं मार्केटिंग किराना स्टोर उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। इस प्रकार की व्यवस्थाओं से आम नागरिकों को सुविधा मिलने के साथ-साथ सहकारी संस्थाओं की गतिविधियों को भी मजबूती मिलती है। जन विश्वास अभियान के तहत किए गए इस भ्रमण का उद्देश्य शासकीय एवं सार्वजनिक वितरण व्यवस्था से संबंधित संस्थानों की जमीनी स्थिति का निरीक्षण करना तथा आम नागरिकों को बेहतर एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करना रहा। #Vidisha