प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
10 अक्टूबर 2026
शीर्षक: मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के तहत सामाजिक पुनर्वास कोष से 17 महिला लाभार्थियों को जीविकोपार्जन हेतु सहायता राशि प्रदान, आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ा कदम।
जमुई : मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना अंतर्गत सामाजिक पुनर्वास कोष के तहत जमुई जिले की कुल 17 महिला लाभार्थियों को जीविकोपार्जन एवं आर्थिक स्वावलंबन हेतु सहायता राशि प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद महिलाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना, आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर जीवनयापन के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री नवीन की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी श्री सावन एवं जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. जुलेखा हसमत उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) एवं वन स्टॉप सेंटर (OSC), जमुई के सभी कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
सामाजिक पुनर्वास कोष के अंतर्गत महिला लाभार्थियों की आवश्यकताओं एवं आजीविका संबंधी गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए उन्हें विभिन्न कार्यों के लिए सहायता राशि प्रदान की गई। इनमें प्रमुख रूप से निम्नलिखित कार्य शामिल हैं—
1. श्रृंगार सामग्री की दुकान प्रारंभ करने हेतु।
2. सिलाई कार्य प्रारंभ करने हेतु।
3. चिकित्सा संबंधी उपचार हेतु।
4. राशन दुकान प्रारंभ करने हेतु।
5. मुर्गी पालन कार्य प्रारंभ करने हेतु।
6. बकरी पालन कार्य प्रारंभ करने हेतु।
इस सहायता के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, आय के साधन विकसित करने तथा अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं, चिकित्सा संबंधी सहायता के माध्यम से संबंधित लाभार्थियों को आवश्यक उपचार प्राप्त करने में सहयोग प्रदान किया जाएगा।
डिस्ट्रिक्ट हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) एवं वन स्टॉप सेंटर (OSC), जमुई के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण, सामाजिक पुनर्वास एवं आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य पात्र महिलाओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना तथा सम्मानपूर्वक जीवनयापन के लिए सक्षम बनाना है।
सामाजिक पुनर्वास कोष के माध्यम से 17 महिला लाभार्थियों को प्रदान की गई यह सहायता महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
90 views | Jamui, Bihar | Oct 10, 2026