जलालपुर हत्याकांड का पुलिस ने किया सफल उद्भेदन, महिला समेत दो गिरफ्तार
प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद में हत्या की आशंका, हत्या में प्रयुक्त हथियार समेत मोबाइल व ट्रेन टिकट बरामद
छपरा/जलालपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के दुबौलिया-बेलकुंडा चंवर में 13 सितंबर 2026 को ग्रामीण सड़क के किनारे मिले अज्ञात युवक के शव के मामले का सारण पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार सहित अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को शव बरामद होने के बाद जलालपुर थाना कांड संख्या 342/26, दिनांक 15 सितंबर 2026 को धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर सदर-2 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर मामले की जांच की गई।
जांच के दौरान मृतक की पहचान दीपक कुमार यादव, पिता स्व. बदलू यादव, निवासी अगरौली, थाना सिंघिया, जिला समस्तीपुर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, हत्या का कारण पूर्व के प्रेम-प्रसंग से जुड़ा विवाद तथा महिला आरोपी को फोटो/वीडियो के माध्यम से परेशान किए जाने से संबंधित होना सामने आया है।
मामले की जांच के क्रम में 26 सितंबर 2026 को बनियापुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर से एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया। महिला आरोपी की निशानदेही पर उसके भाई को बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार पुरुष आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से करीब 100 मीटर दक्षिण झाड़ी से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का बेंट लगा धारदार हथुआ, करीब तीन फीट लंबा लोहे की पट्टी जैसा रॉड, तीन मोबाइल फोन तथा ट्रेन का जनरल क्लास टिकट बरामद किया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
बरामद सामान:
03 मोबाइल फोन
धारदार हथियार
करीब 03 फीट लंबा लोहे का रॉड
ट्रेन का जनरल क्लास टिकट
पुलिस टीम में जलालपुर थानाध्यक्ष सहित थाना के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी तथा डीआईयू, सारण की टीम शामिल रही।
Rahui, Nalanda | Sep 28, 2026