#नालंदा - वेना थाना के तीन सहायक अवर निरीक्षक (ASI) बने अवर निरीक्षक (SI)
डीएसपी अमरनाथ कुमार एवं थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार ने तीनों पदाधिकारी को लगाया स्टार
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
नालंदा - पुलिस मुख्यालय, बिहार, पटना के आदेश के आलोक में वेना थाना में पदस्थापित तीन सहायक अवर निरीक्षकों (सआनि) को पुलिस अवर निरीक्षक (पूअनि) के पद पर प्रोन्नति दी गई है। प्रोन्नति के बाद वेना थाना परिसर स्थित थानाध्यक्ष कक्ष में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान तीनों प्रोन्नत पदाधिकारियों को बैच पहनाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
प्रोन्नति पाने वाले पदाधिकारियों में जितेंद्र प्रसाद, मनोज कुमार यादव एवं मुकेश कुमार पंडित शामिल हैं। समारोह के दौरान सदर-1 एसडीपीओ अमरनाथ कुमार एवं वेना थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने तीनों पदाधिकारियों को बैच पहनाया। इसके बाद अधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर सदर-1 एसडीपीओ अमरनाथ कुमार ने कहा कि पदोन्नति के साथ पुलिस पदाधिकारियों की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। उन्होंने तीनों पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा जताई। वहीं थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने भी तीनों पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रोन्नति पुलिस सेवा में बेहतर कार्य करने की जिम्मेदारी को और बढ़ाती है।
बैच पहनाए जाने के बाद थाना में मौजूद पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भी तीनों नवप्रोन्नत पुलिस अवर निरीक्षकों को बधाई दी। समारोह के दौरान थाना परिसर में उत्साह का माहौल रहा। पुलिसकर्मियों ने तीनों पदाधिकारियों के सफल कार्यकाल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Rahui, Nalanda | Sep 24, 2026