कालपी अपहरण कांड का एक लाख का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
जालौन। कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार के अपहरण कांड में वांछित एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को जालौन पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल उरई भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को कालपी क्षेत्र में गयादीन अहिरवार को बातचीत और चाय पिलाने के बहाने गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर लिया गया था। मामले में कालपी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।
बुधवार, 4 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर कालपी, उरई, कदौरा पुलिस और स्वाट टीम ने जालौन-मदारीपुर रोड पर घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस को देखकर आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में कानपुर नगर के गुजैनी निवासी पवन यादव उर्फ मोनू यादव (24 वर्ष) घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कानपुर नगर में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में पूर्व में चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
Orai, Jalaun | Nov 4, 2026