✅ बंदियों की समस्याओं एवं मूलभूत सुविधाओं का लिया जायजा
✅ बंदियों को दी निःशुल्क विधिक सहायता एवं उनके विधिक अधिकारों की जानकारी
✅ प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा जिला जेल हरदा का औचक निरीक्षण, विधिक जागरूकता शिविर का हुआ आयोजन
माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अरविंद रघुवंशी द्वारा दिनांक 28.11.2026 को जिला जेल, हरदा का औचक निरीक्षण किया गया।
जेल निरीक्षण के दौरान बैरक में निरुद्ध सभी बंदियों से मुलाकात कर उनके प्रकरण में अधिवक्ता नियुक्त है या नहीं, चिकित्सक द्वारा उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है या नहीं, परिवारजनों से मिलने दिया जा रहा है या नहीं, न्यायालय में पेशियां हो रही हैं या नहीं, बंदियों के रहन-सहन, खान-पान, साफ-सफाई आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की गई।
निरीक्षण के दौरान जेलों के लिए बनाए गए या जारी किए गए सभी नियमों, विनियमों, निर्देशों और आदेशों का पालन विधिवत किया जा रहा है तथा उन्हें लागू किया जा रहा है या नहीं, इस संबंध में निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान जिला जेल में संचालित लीगल एड क्लीनिक एवं पुरुष एवं महिला बैरकों का भी निरीक्षण कर बंदियों को प्राप्त होने वाली मूलभूत सुविधाएं यथा रसोई घर, पीने का पानी, बैरकों में साफ-सफाई, बंदियों के स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं, भोजन व्यवस्था इत्यादि का निरीक्षण किया गया तथा पाकशाला में निर्मित भोजन की गुणवत्ता की जांच भी की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, मुलाकात कक्ष, डिस्पेंसरी, लीगल एड हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि जेल में कुल 230 बंदी (30 दंडित, 200 विचाराधीन बंदी) निरुद्ध हैं, जिनमें से 223 पुरुष एवं 07 महिलाएं हैं, जबकि जेल में बंदियों हेतु क्षमता 130 बंदियों की है। जेल में क्षमता से अधिक बंदी निरुद्ध हैं। निरीक्षण के दौरान जेल में 18 वर्ष से कम आयु का कोई बंदी परिरुद्ध होना नहीं पाया गया। जेल निरीक्षण के दौरान कोई ऐसा बंदी नहीं पाया गया जो कि उसकी सजा पूर्ण होने के उपरांत भी जेल में निरुद्ध है।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जेल में विधिक जागरूकता शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में माननीय श्री अरविंद रघुवंशी, जिला न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदा द्वारा बंदियों को जेल में स्थापित लीगल एड क्लीनिक, टोल फ्री नंबर 15100, निःशुल्क विधिक सहायता योजना के माध्यम से अधिवक्ता नियुक्ति, अपील प्रस्तुति, जमानत आवेदन प्रस्तुति आदि के संबंध में जानकारी प्रदान की गई तथा बंदियों को उनके अधिकार, निःशुल्क कानूनी सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई एवं उपस्थित बंदियों को अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी, प्री-मेच्योर रिलीज आदि के बारे में जानकारी दी गई।
इस दौरान श्री चन्द्रशेखर राठौर, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरदा, श्री एस.के. भदकारिया, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी हरदा, श्री सौरभ कुमार दुबे, जिला विधिक सहायता अधिकारी हरदा, श्री दिलीप सिंह, जेल अधीक्षक जिला जेल हरदा, जेल स्टाफ, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स, पैरालीगल वॉलिंटियर उपस्थित रहे।
Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Department of Jail, Madhya Pradesh
#Harda #हरदा