➡️ स्टॉप डैम में कड़ी शटर नहीं लगाने पर सचिव एवं उपयंत्री को नोटिस, अवैध रूप से पानी लेने पर मोटर जब्त
➡️ सीईओ जिला पंचायत श्री जायसवाल ने आठनेर क्षेत्र के गांवों में शिक्षा, #जल_संरक्षण एवं निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बैतूल श्री गणेश कुमार जायसवाल ने बुधवार को जनपद पंचायत आठनेर क्षेत्र के ग्राम पंचायत देहगुड, अक्कलवाड़ी, धामोरी सहित विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर शिक्षा, जल संरक्षण एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
➡️ स्टॉप डैम में कड़ी शटर नहीं लगाने पर सचिव एवं उपयंत्री को नोटिस
भ्रमण के दौरान वासुदेव नागले के खेत के पास निर्मित स्टॉप डैम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में स्टॉप डैम में कड़ी शटर नहीं लगाई गई थी। इस पर सीईओ जिला पंचायत ने नाराजगी व्यक्त करते हुए ग्राम पंचायत धामोरी के सचिव श्री विजेन्द्र मानेकर एवं उपयंत्री श्री चंद्रकांत मालवीय को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही स्टॉप डैम में तत्काल कड़ी शटर लगाने के निर्देश दिए गए।
➡️ अवैध रूप से पानी लेने पर मोटर जब्त
अक्कलवाड़ी स्टॉप डैम के निरीक्षण के दौरान किसान जगदीश रमेश द्वारा अनधिकृत रूप से मोटर के माध्यम से पानी लिए जाने की जानकारी सामने आई। इस पर कार्रवाई करते हुए मोटर को जब्त कर ग्राम पंचायत में रखवाया गया। संबंधित किसान को भविष्य में इस प्रकार अनधिकृत रूप से पानी नहीं लेने की चेतावनी दी गई तथा नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
➡️ बोरी बंधान को डबल लेयर में मजबूत करने के निर्देश
ग्राम देहगुड में बोरी बंधान कार्य का निरीक्षण किया गया। यहां एक लेयर का बोरी बंधान पाया गया। सीईओ जिला पंचायत ने इसे डबल लेयर में मजबूत तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि जल संरक्षण का कार्य प्रभावी रूप से हो सके।
➡️ #शिक्षा_संजीवनी_अभियान के तहत विद्यालय का निरीक्षण
भ्रमण के दौरान एकीकृत माध्यमिक शाला धामोरी का निरीक्षण किया गया। विद्यालय को शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत लिया गया है। सीईओ ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने तथा बाउंड्री वॉल से संबंधित आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विद्यालय परिसर में खाली एवं बिना छत वाले कमरे को शौचालय तथा शेष भाग को बच्चों के खेल एवं मनोरंजन कक्ष के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए गए। परिसर में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर उसे शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
➡️ अक्कलवाड़ी विद्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना
अक्कलवाड़ी पंचायत भवन के निरीक्षण के दौरान शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों एवं बच्चों से चर्चा कर भवन के संबंध में जानकारी ली गई। एकीकृत माध्यमिक शाला अक्कलवाड़ी का निरीक्षण करने पर विद्यालय परिसर व्यवस्थित एवं साफ-सुथरा पाया गया। विद्यालय के शिक्षक द्वारा किए जा रहे सहयोग की सराहना की गई। विद्यालय में बाउंड्री वॉल की मांग पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश सचिव को दिए गए।
➡️ अटल सुशासन भवन का कार्य एक सप्ताह में पूर्ण करने के निर्देश
अंत में अटल सुशासन भवन सातनेर का निरीक्षण किया गया। यहां फर्नीचर एवं पुताई का कार्य जारी पाया गया, जबकि प्रांगण के फर्श का कार्य शेष था। संबंधित सचिव को शेष कार्य एक सप्ताह में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत आठनेर, सहायक यंत्री जनपद पंचायत सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul