➡️ आईटीआई चिचोली में आयशर अप्रेंटिस ड्राइव में 162 युवाओं ने कराया पंजीयन, 42 का प्राथमिक चयन
युवाओं के कौशल को उद्योग एवं रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से सेवा सेतु एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 7 अक्टूबर को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था आईटीआई चिचोली में आयशर कंपनी द्वारा अप्रेंटिस ड्राइव का आयोजन किया गया। ड्राइव में जिले के विभिन्न आईटीआई से आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
आयशर कंपनी में अप्रेंटिसशिप के अवसर के लिए आयोजित इस ड्राइव में कुल 162 छात्र-छात्राओं ने पंजीयन कराया जिनमें से 42 प्रशिक्षणार्थियों का प्राथमिक चयन किया गया। चयनित प्रशिक्षणार्थी इसी माह आयशर प्लांट भोपाल-बगदरा में उपस्थित होकर अपनी अप्रेंटिसशिप प्रारंभ करेंगे।
कार्यक्रम में जिला रोजगार अधिकारी डॉ. श्याम धुर्वे, जिला नोडल प्राचार्य श्री शुभम वानखेड़े. शासकीय महिला आईटीआई बैतूल के प्राचार्य श्री अजीत पंद्रे. संस्था प्राचार्य श्री रेवाशंकर पंडाग्रे एवं प्रशिक्षण अधीक्षक श्री सदाराम चौकीकर उपस्थित रहे। आयशर कंपनी की ओर से मैनेजर ऑपरेशन श्री वासुदेव कोन्नार, डिप्टी मैनेजर एचआर श्री दुर्गेश कुमार केशरवानी, असिस्टेंट मैनेजर एचआर श्री सूरज दास एवं असिस्टेंट मैनेजर ऑपरेशन श्री पुष्पेंद्र सिंह ने चयन प्रक्रिया में सहभागिता की।
कंपनी प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों को आयशर कंपनी के विभिन्न प्रोजेक्ट, कारोबार तथा भोपाल-बगदरा स्थित वोल्वो आयशर कमर्शियल व्हीकल्स की ट्रक निर्माण इकाई के संबंध में जानकारी दी। साथ ही अभ्यर्थियों को औद्योगिक क्षेत्र में कार्य की प्रकृति, तकनीकी आवश्यकताओं एवं अप्रेंटिसशिप के दौरान मिलने वाले व्यावहारिक अनुभव की जानकारी दी गई।
ड्राइव के माध्यम से आईटीआई के विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षणार्थियों को आधुनिक तकनीक एवं उद्योग आधारित मैन्युफैक्चरिंग का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं के तकनीकी कौशल को निखारने तथा उन्हें भविष्य के रोजगार के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी। जिला रोजगार अधिकारी डॉ. श्याम धुर्वे ने कहा कि 162 युवाओं का पंजीयन और 42 प्रशिक्षणार्थियों का प्राथमिक चयन जिले के युवाओं में औद्योगिक क्षेत्र के प्रति बढ़ती रुचि एवं उत्साह को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अप्रेंटिसशिप युवाओं को तकनीकी कौशल विकसित करने के साथ उद्योग की कार्यप्रणाली को समझने और भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है।
जिला नोडल प्राचार्य श्री शुभम वानखेड़े ने कहा कि आईटीआई प्रशिक्षणार्थियों को प्रतिष्ठित उद्योगों से जोड़ने के लिए इस तरह के अप्रेंटिस ड्राइव महत्वपूर्ण हैं। इससे युवाओं को अपनी तकनीकी दक्षता का व्यावहारिक उपयोग करने और उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का अवसर मिलता है। संस्था प्राचार्य श्री रेवाशंकर पंडाग्रे ने कहा कि युवाओं को प्रशिक्षण से रोजगार तक जोड़ना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। आयशर का यह अप्रेंटिस ड्राइव आईटीआई प्रशिक्षणार्थियों को उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराने और उनके कौशल को रोजगारपरक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
संस्था प्लेसमेंट अधिकारी श्री खेमराज धाइसे ने कंपनी प्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं उपस्थित अभ्यर्थियों का आभार व्यक्त किया। ड्राइव के सफल आयोजन में वरिष्ठ प्रशिक्षक अधिकारी श्री रितेश मालवीय, श्रीमती प्रतीक्षा दुबे, श्री दीपक मौसिक, श्रीमती प्रतीक्षा गलफट, श्री शेख शहजाद, श्री ऋतुराज शर्मा एवं श्री विजय उड़के ने सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का सफल संचालन विधुतकार ट्रेड की प्रशिक्षणार्थी कु. साक्षी इवने द्वारा किया गया।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Skill Development, Madhya Pradesh
#सेवा_संकल्प_अभियान
#SevaSankalpAbhiyan
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul