मतदाता पुनरीक्षण कार्य को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित, फॉर्म-6, 7 एवं 8 भरने और जेंडर रेशियो सुधारने पर दिया गया जोर।
मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 21.11.2026 को सुश्री प्रियंका कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 169 शेखपुरा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में मतदाता पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्वाचन कार्य के प्रति गंभीरता, तत्परता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने तथा मतदाता विवरण में आवश्यक संशोधन से संबंधित फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 को सही तरीके से भरने की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अनुमंडल पदाधिकारी महोदया ने निर्देश दिया कि सभी संबंधित कर्मी मतदाताओं को विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग एवं उसे भरने की प्रक्रिया के संबंध में समुचित जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि किसी भी मतदाता को आवेदन करने में परेशानी नहीं हो तथा मतदाता सूची में आवश्यक सुधार समय पर किया जा सके। उन्होंने प्रपत्रों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप पूर्ण रूप से भरने एवं सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा कराने पर विशेष जोर दिया। बैठक के दौरान मतदाता सूची में जेंडर रेशियो (लिंगानुपात) बढ़ाने को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि योग्य महिला मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष प्रयास किया जाए, ताकि मतदाता सूची अधिक समावेशी, संतुलित एवं वास्तविक जनसंख्या के अनुरूप हो सके। इसके साथ ही सभी प्रकार के आवश्यक प्रपत्रों एवं संबंधित दस्तावेजों को समय सीमा के भीतर जमा कराने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा बैठक में संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्र में सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं निष्ठा के साथ करने को कहा गया। निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा निर्देशों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में 169 शेखपुरा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र एवं 170 बरबीघा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के संबंधित पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचन पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन द्वारा मतदाता पुनरीक्षण कार्य कोन प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन करने के साथ-साथ प्रत्येक योग्य नागरिक की निर्वाचन प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।