नीतीश सेतु सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का हुआ शुभारंभ एवं लोकार्पण, विकास योजनाओं से बिहार में आधारभूत संरचना को मिलेगी नई गति।
आज दिनांक 21 नवंबर 2026 को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज वैशाली जिले के जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र से लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से बिहार की जनता को लगभग 34 हजार करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एवं संचालित कुल 227 विकास परियोजनाओं को लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से समर्पित किया गया। उन्होंने कहा कि बिहार में सड़क, परिवहन, कनेक्टिविटी एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ एवं लोकार्पण किया गया, जिससे राज्य के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर नीतीश सेतु को जनता को समर्पित किया गया। इस महत्वपूर्ण पुल के चालू होने से राघोपुर दियारा क्षेत्र से पटना की दूरी और यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा लोगों को लगभग पांच मिनट में पटना पहुंचने की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही साहेबगंज-अरेराज-बेतिया चार लेन सड़क परियोजना के माध्यम से पटना, बेतिया एवं नेपाल सीमा तक सीधी और बेहतर सड़क कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। इन परियोजनाओं से आवागमन सुगम होने के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन, रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उक्त कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में आयोजित किया गया, जहां माननीय विधायक शेखपुरा श्री रणधीर कुमार सोनी एवं जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद की उपस्थिति में कार्यक्रम का प्रसारण देखा गया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले के 10 लाभुकों को उनके नवनिर्मित आवास की चाबी सौंपकर गृह प्रवेश एवं आवास उपलब्धता की खुशियां साझा की गईं। शेखपुरा नगर परिषद क्षेत्र के 06 लाभुकों तथा बरबीघा नगर परिषद क्षेत्र के 04 लाभुकों सहित कुल 10 लाभुकों को पीएम आवास योजना के अंतर्गत आवास की चाबी प्रदान की गई। चाबी प्राप्त करने वाले लाभुकों में शेखपुरा नगर परिषद क्षेत्र से आरती देवी, रीना देवी, मंजुला देवी, संगीता देवी, सुनीता देवी एवं दीपा देवी तथा बरबीघा नगर परिषद क्षेत्र से सरस्वती देवी, सीता देवी, कंचन देवी एवं रूबी देवी शामिल रहीं।
लाभुकों को आवास की चाबी सौंपते हुए जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। सरकार की आवास योजना का उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक तथा स्थायी आवास उपलब्ध कराना है। पक्का घर मिलने से लाभुक परिवारों के जीवन में सुरक्षा, स्थिरता एवं बेहतर भविष्य की उम्मीद मजबूत होती है। कार्यक्रम के दौरान विकास परियोजनाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि बिहार में सड़क, पुल एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं का विस्तार राज्य के विकास, जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और ग्रामीण-शहरी संपर्क को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराना सामाजिक सुरक्षा एवं जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर माननीय विधायक शेखपुरा श्री रणधीर कुमार सोनी, जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, अपर समाहर्ता विभागीय जांच, भूमि अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता विद्युत, सभी नगर कार्यपालक पदाधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता एवं सदस्यगण तथा बड़ी संख्या में योजना के लाभुक उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन विकास योजनाओं के लाभ को आम जनता तक पहुंचाने, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जिले में विकास कार्यों को गति देने के संकल्प के साथ हुआ।