तुलसी पार्क के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों पर 62.97 लाख रुपये होंगे व्यय
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं अध्यक्ष नगर पालिका परिषद कर्वी नरेंद्र गुप्ता द्वारा आज पुरानी बाजार स्थित तुलसी पार्क के सौंदरीकरण जीर्णोद्धार हेतु विधि विधान से भूमि पूजन किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के द्वारा तुलसी पार्क के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों का उद्देश्य पार्क को सुव्यवस्थित, आकर्षक एवं जनसामान्य के लिए अधिक सुविधाजनक बनाना है।
उन्होंने बताया कि पार्क में बाउंड्रीवाल, रेलिंग, बेंच, इंटरलॉकिंग टाइल्स की मरम्मत तथा थीम बेस्ड पेंटिंग का कार्य कराया जा रहा है, जिसकी लागत 24.40 लाख रुपये है। इसके अतिरिक्त सिंथेटिक ट्रैक निर्माण पर 16.82 लाख रुपये, लाइटिंग कार्य पर 13.30 लाख रुपये, हॉर्टिकल्चर कार्य पर 3.91 लाख रुपये तथा बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले लगाने के कार्य पर 4.54 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे।
इस प्रकार तुलसी पार्क के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण एवं जनसुविधाओं से संबंधित उक्त कार्यों पर कुल 62.97 लाख रुपये की धनराशि व्यय की जा रही है। इन कार्यों के पूर्ण होने के उपरांत पार्क का स्वरूप और अधिक आकर्षक एवं सुविधायुक्त होगा तथा स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।