Bihar news : मंगुराहा में जंगल सफारी का शुभारंभ, अब पर्यटक जंगल की खूबसूरती का उठा सकेंगे आनंद।
30 किलोमीटर लंबे मार्ग पर जंगल सफारी की शुरुआत, रिवर सफारी से लेकर साइक्लिंग तक की मिलेगी सुविधा। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के मंगुराहा वन क्षेत्र में शनिवार को जंगल सफारी का शुभारंभ किया गया। इसके शुरू होने से अब पर्यटक जंगल की प्राकृतिक सुंदरता को करीब से निहार सकेंगे। खासकर छुट्टियों के दौरान यहां आने वाले प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के लिए यह नया आकर्षण साबित होगा। जंगल सफारी का विधिवत उद्घाटन रेंजर अंशुमन कुमार ने फीता काटकर किया।जंगल सफारी के माध्यम से पर्यटक जंगल सफारी, रिवर सफारी, नेचर ट्रेल, लालभितिया सनसेट प्वाइंट और साइक्लिंग जैसी विभिन्न गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे। इससे मंगुराहा क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर पर्यटन संबंधी गतिविधियों के विस्तार की भी उम्मीद है।रेंजर अंशुमन कुमार ने बताया कि भवानीपुर के 20 नंबर ढाला से लखनिया होते हुए मानपुर तक लगभग 30 किलोमीटर लंबे मार्ग पर जंगल सफारी शुरू की जा रही है। इस रास्ते से गुजरते हुए पर्यटक वन क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, हरियाली और आसपास के मनोरम दृश्यों का अनुभव कर सकेंगे। यह सफारी प्रकृति के बीच समय बिताने और वन क्षेत्र को करीब से जानने का बेहतर अवसर प्रदान करेगी।उद्घाटन के अवसर पर रेंजर ने पर्यावरण संरक्षण और जंगल की स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जंगल में प्लास्टिक का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही पर्यटकों से अपील की कि वे जंगल में गंदगी न फैलाएं और प्राकृतिक वातावरण को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचाएं।मंगुराहा में जंगल सफारी की शुरुआत से वीटीआर आने वाले पर्यटकों को एक नया पर्यटन अनुभव मिलेगा। उम्मीद है कि इससे क्षेत्र की पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी और अधिक से अधिक लोग यहां की प्राकृतिक छटा का आनंद लेने पहुंचेंगे।#Manguraha #JungleSafari #ValmikiTigerReserve #VTR #Gaunaha #BiharTourism #WildlifeTourism #NatureLovers #RiverSafari #NatureTrail #EcoTourism #WestChamparan #ExploreBihar #JungleAdventure #TourismInBihar