जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सब जेल निवाड़ी का किया निरीक्षण
बंदियों को उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, भोजन, उपचार एवं मुलाकात व्यवस्था का लिया जायजा, विधिक अधिकारों की दी जानकारी
--
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश टीकमगढ़ श्रीमती प्रवीणा व्यास के मार्गदर्शन में जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टीकमगढ़ श्री वरुण पुनासे ने 14 नवंबर 2026 को सब जेल निवाड़ी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सहायक जेल अधीक्षक श्री शैलेन्द्र सिंह कुशवाह एवं ड्यूटी पर तैनात जेल स्टाफ उपस्थित रहा।
निरीक्षण के दौरान जेल परिसर में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जिला न्यायाधीश श्री पुनासे ने बंदियों से जेल में उपलब्ध भोजन, उपचार, मुलाकात व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। बंदियों ने सभी व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए जेल प्रशासन के प्रति संतुष्टि जाहिर की। किसी भी बंदी द्वारा कोई शिकायत प्रस्तुत नहीं की गई। इस दौरान बंदियों से उनके अधिवक्ताओं के संबंध में भी जानकारी ली गई तथा उन्हें उनके विधिक अधिकारों से अवगत कराया गया।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि जेल में ऐसा कोई बंदी निरुद्ध नहीं है जिसकी जमानत स्वीकृत हो चुकी हो, लेकिन जमानत आदेश प्रस्तुत करने के अभाव में वह रिहा नहीं हो पा रहा हो। वहीं दंडित बंदियों ने उनकी अपील अपीलीय न्यायालय में लंबित होना बताया। निरीक्षण के समय सब जेल निवाड़ी में कुल 91 पुरुष बंदी निरुद्ध पाए गए, जिनमें 01 दंडित बंदी एवं 90 विचाराधीन बंदी शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सहायता अधिकारी टीकमगढ़ श्री अनुज कुमार चंसोरिया भी उपस्थित रहे।
#jansamparkMP #niwari
1 views | Niwari, Madhya Pradesh | Nov 14, 2026