भटियात में 45 लाख से पुनर्निर्मित पेयजल योजना जनता को समर्पित, 18 गांवों को मिलेगा लाभ
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने किया उद्घाटन, 2,791 लोगों को मिलेगी पर्याप्त पेयजल सुविधा
डलहौजी/चंबा, 15 अक्टूबर 2026।
भटियात विधानसभा क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने वीरवार को ग्राम पंचायत बलेरा के गांव भित में 45 लाख रुपये की लागत से पुनर्निर्मित एवं संवर्धित कूना-चलटूनी-भित-बलेरा पेयजल योजना को जनता को समर्पित किया। इस योजना से ग्राम पंचायत बलेरा, जिहुंता और नैनीखड्ड के लगभग 18 गांवों की 2,791 की आबादी को पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।
45 लाख रुपये से हुआ योजना का पुनर्निर्माण
पेयजल योजना के पुनर्निर्माण एवं संवर्धन कार्यों पर 45 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को पेयजल आपूर्ति में सुविधा मिलेगी। योजना से बलेरा, सुआगलू, चलटूनी, भित, फरोली, कुट, डुमरेडू और रैना सहित आसपास के गांव लाभान्वित होंगे।
दुर्गम क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता : पठानिया
गांव भित में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश के दुर्गम और दूरदराज क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए पिछले चार वर्षों में करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं। विकास कार्यों की यह प्रक्रिया निरंतर जारी है और इसके लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि विकास की दृष्टि से भटियात विधानसभा क्षेत्र प्रदेश के उन चुनिंदा क्षेत्रों में शामिल है, जहां सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए गए हैं।
सड़कों पर खर्च होंगे लगभग 500 करोड़ रुपये
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश सरकार के वर्तमान कार्यकाल में भटियात विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण पर अब तक 180 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जबकि 273 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल के पूर्ण होने तक क्षेत्र में सड़कों के निर्माण पर लगभग 500 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का लक्ष्य है। इससे क्षेत्र में सड़क संपर्क को मजबूत करने और ग्रामीणों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध करवाने में सहायता मिलेगी।
जल शक्ति विभाग की योजनाओं पर जून 2027 तक खर्च होंगे 900 करोड़ रुपये
कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए जून 2027 तक लगभग 900 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की योजना है।
उन्होंने जानकारी दी कि जल शक्ति विभाग ने पिछले चार वर्षों के दौरान 174 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं के निर्माण कार्य पूरे किए हैं। वर्तमान में 365 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
इसके अतिरिक्त, विधानसभा क्षेत्र में विभाग की ओर से क्रियान्वित की जाने वाली 564 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के विशेष सहयोग से भटियात विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा, विद्युत, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवाओं से संबंधित विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
पंचायत प्रतिनिधियों की मांगें पूरी करने की घोषणा
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में जब-जब कांग्रेस की सरकार रही है, भटियात विधानसभा क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। उन्होंने अपने वर्तमान कार्यकाल में क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया।
इस दौरान उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों की ओर से संपर्क सड़कों तथा अन्य विकास कार्यों से संबंधित रखी गई मांगों को पूरा करने की घोषणा की।
उन्होंने गांव भित में खाली पड़े प्राथमिक स्कूल भवन को नवभारत युवक मंडल भित को स्थानांतरित करने तथा स्थानीय महिला मंडल को 25 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
लोगों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए निर्देश
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने अधिकतर समस्याओं का मौके पर समाधान किया, जबकि शेष समस्याओं को जल्द हल करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं के समाधान में तत्परता बरतने तथा विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
स्थानीय लोगों ने किया स्वागत एवं सम्मान
गांव भित पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों ने उन्हें पंचायत की ओर से सम्मानित किया। जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश मोगरा ने भी विभाग की ओर से विधानसभा अध्यक्ष को सम्मानित किया।
इसके अतिरिक्त नवभारत युवक मंडल भित के पदाधिकारियों और ग्राम पंचायत जिहुंता के उपप्रधान रविंद्र ठाकुर ने भी उन्हें सम्मानित किया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर ग्राम पंचायत बलेरा की प्रधान बबली देवी शर्मा, उपप्रधान मनजीत सिंह, नगर पंचायत चुवाड़ी के उपाध्यक्ष सुरेंद्र चाढ़क, एसडीएम अनिल भारद्वाज, डीएसपी मयंक शर्मा, जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश मोगरा, अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर, पंकज राठौर और नरेंद्र चौधरी, डीएफओ डॉ. कुलदीप जमवाल तथा खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Chamba, Chamba | Oct 15, 2026