विधानसभा अध्यक्ष ने कूना-चलटूनी-भित-बलेरा पेयजल योजना की जनता को समर्पित,
पेयजल योजना के पुर्ननिर्माण व संबर्धन कार्यों पर 45 लाख रुपये खर्च,
बलेरा, नैनीखड्ड व जिहुंता पंचायतों के करीव 18 गावों की 2791 की आबादी को मिलेगी पर्याप्त पेयजल सुविधा
प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं सूनिश्चित करना राज्य सरकर की प्रतिबद्धता - कुलदीप सिंह पठानिया
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने वीरवार को भटियात विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बलेरा में पेयजल योजना का विधिवत शुभारंभ किया। 45 लाख रुपए की लागत से पुर्ननिर्मित व संर्बधित इस योजना से ग्राम पंचायत बलेरा, जिहुंता व नैनी खड्ड के गांव बलेरा, सुआगलू, चलटूनी, भित, फरोली, कुट, डुमरेडू तथा रैना सहित लगभग डेढ़ दर्जन गांवों की 2791 की आबादी को पर्याप्त स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर गाँव भित मे आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि राज्य के दुर्गम व दूरदराज क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं को पहुंचाना राज्य सरकर की सर्वोच प्राथमिकता है। भटियात विधानसभा क्षेत्र प्रत्येक के गांवों में बुनियादी सुविधाओं की पहुंच सूनिश्चित करने के लिए गत चार वर्षों के दौरान करोड़ों रुपए खर्च किए गए हैं व विकास की यह प्रक्रिया निरंतर जारी है तथा इसके लिए धन की कमी आडे नहीं आने दी जायेगी। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि आज विकास की दृष्टि से भटियात विधानसभा प्रदेश के उन चुनिंदा विधानसभा क्षेत्रों में शामिल है जहां पर सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकर के वर्तमान कार्यकाल में इस विस क्षेत्र में 180 करोड रूपये सड़को के निर्माण पर खर्च किए जा चुके है जबकी 273 करोड़ के विभिन्न सड़कों के कार्य प्रगति पर हैं इस प्रकार वर्तमान सरकार के 5 वर्षों के कार्यकाल के पूर्ण होने तक लगभग 500 करोड़ रुपये सड़कों पर खर्च किए जाएंगे।
भटियात विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर जून 2027 तक लगभग 900 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय होगी। उन्होंने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का विशेष आशीर्वाद प्राप्त है जिसकी बदौलत समूचे भटियात विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा, विद्युत, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवाओं सहित विभिन्न विकास कार्यो व परियोजनाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग ने गत चार वर्षों के दौरान 174 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं के निर्माण कार्य पूर्ण किए हैं। वर्तमान में 365 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं पर निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त, विधानसभा क्षेत्र में विभाग द्वारा कार्यान्वित की जाने वाली 564 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं के प्रस्ताव अनुमोदित किए जा चुके हैं।
कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश में जब-जब कांग्रेस की सरकार रही है भटियात विधानसभा क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं तथा उनके वर्तमान कार्यकाल में इस क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल सहित विकास के प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा संपर्क सड़कों तथा अन्य विकास कार्यों से संबंधित सभी मांगों को पूरा करने की घोषणा की। उन्होंने गांव भित मे खाली पड़े प्राईमरी स्कूल भवन को नवभारत युवक मंडल भित को स्थानांतरित करने तथा स्थानीय महिला मंडल को 25 हजार रूपये देने की घोषणा की। उन्होंने इस दौरान उपस्थित लोगों की समस्याएं भी सुनीं तथा अधिकतर का मौके पर समाधान करते हुए शेष समस्याओं को संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत हल करने के निर्देश दिए।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया का इससे पूर्व गांव भित मे पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम में स्थानीय पंचायत प्रधान उप प्रधान व अन्य जनप्रतिनिधियों ने उन्हें पंचायत की ओर से सम्मानित किया जबकि जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश मोगरा ने भी विधानसभा अध्यक्ष को विभाग की ओर से सम्मानित किया। इसके अलावा नवभारत युवक मंडल भित के पदाधिकारियों व ग्राम पंचायत जिंहुता के उप प्रधान रविंद्र ठाकुर ने भी विधानसभा अध्यक्ष को विधिवत्त सम्मानित किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत बलेरा की प्रधान बबली देवी शर्मा व उप प्रधान मनजीत सिंह, उपाध्यक्ष नगर पंचायत चुवाडी सुरेंद्र चाढक, एसडीएम अनिल भारद्वाज , डीएसपी मंयक शर्मा , अधीक्षण अभियांता राजेश मोगरा, अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर, पंकज राठौर व नरेंद्र चौधरी, डीएफओ डॉ. कुलदीप जमवाल, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा अनेक गणमान्य वयक्ति भी उपस्थित थे।
Chamba, Chamba | Oct 15, 2026