हज़ारीबाग: 35 हाथियों के सड़क पार करने तक वाहन रोके गए, वन विभाग सतर्क रहा
चरही घाटी में गुरुवार शाम वन्यजीवों की आवाजाही के कारण एनएच-33 पर वाहनों की रफ्तार थम गई। करीब 35 जंगली हाथियों का झुंड करमाबेड़ा से इंदिरा तरवाटांड़ जंगल की ओर बढ़ रहा था। शाम सात बजे हाथियों के सड़क पार करने के दौरान वन विभाग की क्यूआरटी टीम ने मोर्चा संभाला। दोनों ओर वाहनों को रोककर हाथियों को सुरक्षित रास्ता दिया गया। करीब आधे घंटे बाद सड़क पर आवागमन फिर शुरू हुआ।