राशन नहीं मिलने से फूटा जनाक्रोश, चक्काजाम, सख़्त कार्रवाई की मांग
#raipura #panna #pradeshvarta #viralreels #LatestNews #PannaNews #MadhyaPradesh #trending #viral
**रैपुरा।** पन्ना जिले की रैपुरा तहसील अंतर्गत सहकारी समिति बगरौड़ की शासकीय उचित मूल्य दुकान मनकौरा में राशन वितरण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। महीनों से राशन नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए हितग्राहियों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने राशन वितरण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि उचित मूल्य दुकान में दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्यरत पंकज लोधी द्वारा घर-घर जाकर हितग्राहियों के फिंगर लगवा लिए जाते हैं, लेकिन इसके बाद उन्हें राशन उपलब्ध नहीं कराया जाता। हितग्राहियों ने यह भी आरोप लगाया कि फिंगर लगवाने के बाद पीओएस मशीन से निकलने वाली पर्ची भी नहीं दी जाती। इससे उन्हें यह पता नहीं चल पाता कि उनके नाम पर कितना राशन दर्ज किया गया है।
### सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद भी समाधान नहीं
ग्रामीणों के अनुसार राशन नहीं मिलने की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई। सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। लगातार परेशानी झेल रहे ग्रामीणों ने आखिरकार सड़क पर बैठकर विरोध जताया और चक्काजाम कर दिया।
### तहसीलदार और पुलिस ने पहुंचकर समझाया
चक्काजाम की सूचना मिलने पर तहसीलदार और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्या सुनी और राशन वितरण से संबंधित मामले में उचित कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण सड़क से हटे और चक्काजाम समाप्त हुआ।
### जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मनकौरा उचित मूल्य दुकान की राशन वितरण व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है। साथ ही फिंगर लगवाने के बाद हितग्राहियों को राशन उपलब्ध कराने और पीओएस मशीन की पर्ची देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई।