मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कोंच ब्लॉक परिसर में तीन दिवसीय जनकल्याण मेला शुरू
कोंच। बतौर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को कोंच विकासखंड परिसर में समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान तथा स्वास्थ्य शिविर के अंतर्गत तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक मूलचंद्र निरंजन ने किया। उन्होंने कहा, मेले का उद्देश्य केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना है।
विकास खंड परिसर में आयोजित इस बहु उद्देशीय कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई और आवेदन प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। मेले में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, पशुपालन विभाग, होम्योपैथी विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सहित कई महत्वपूर्ण विभागों के स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी। मेले में स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया जिसमें लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया। इस दौरान बीडीओ प्रशांत कुमार, ब्लॉक प्रमुख रानी देवी, सुनील शर्मा, अवर अभियंता हरिश्चंद्र, विकास पटेल धनौरा, विपिन पटेल, प्रशांत श्रीवास्तव, कुसुम निरंजन आदि मौजूद रहे।
Konch, Jalaun | Jun 14, 2026