नम आंखों के साथ कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक हुए ताजिये
मोहर्रम की नौवीं और दसवीं पर पर ताजियों के साथ निकला मातमी जुलूस
कोंच। मैदान-ए-कर्बला में इंसानियत की रक्षा करते हुए शहीद हुए हजरत इमाम हुसैन और उनके अनुयायियों की याद में मोहर्रम जुलूस में शामिल लोगों की आंखें नम रहीं। नगर में ढोलों की मातमी धुन पर ताजियों का जुलूस निकाला गया। तमाम चौकों पर फातिहा के साथ मजलिस की गई। जुलूस में शामिल लोगों के लिए लंगर के इंतजाम भी किए गए थे।
मोहर्रम की नौंवी तारीख गुरुवार की रात ताजिया जुलूस चंदकुआं चौराहे से उठा जो सागर तालाब, रामगंज बाजार, नई बस्ती तिराहा, मानिक चौक बाजार, लवली चौराहा, स्टेट बैंक होता हुआ अपने अपने चौकों पर पहुंचा। दसवीं तारीख शुक्रवार की सुबह जुलूस अपने अपने चौकों से उठकर बजरिया पावर हाउस पहुंचा जहां जुलूस ने मेले का रूप ले लिया। यहां पर मीर साहब अखाड़ा के सदर अनवार खलीफा व अन्य खिलाड़ियों ने करतब दिखाए। कैलिया बस स्टैंड पर सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली जहां मंजर खान आलम के आवास पर भाजपा विधायक मूलचंद्र निरंजन, पालिका चेयरमैन प्रदीप कुमार गुप्ता, भाजपा नगर अध्यक्ष अंजू अग्रवाल के अलावा शहर काजी बशीरुद्दीन, शौकत अली एडवोकेट, हलीम मोहम्मद एडवोकेट, राम बिहारी दुवे एडवोकेट, शिवसिंह कुशवाहा, धर्मेंद्र राठौर, अनिल कपूर, ओपी कुशवाहा, महेंद्र सोनी सहित तमाम लोग शामिल हुए जो भाईचारे के पैगाम की मिसाल बना। वहीं इसके बाद देर शाम मोहर्रम जुलूस मातमी धुन के साथ चलकर सागर तालाब पर पहुंचा जहां विशाल मेले के बाद देर रात नम आंखों से ताजियों को कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। शहर काजी बशीरुद्दीन सहित सैंकड़ों लोग जुलूस के साथ साथ चल रहे थे। बसपा प्रत्याशी आशीष पांडे, नगर अध्यक्ष फिरोज पठान, राजकुमार पड़रिया आदि भी शामिल रहे। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से सीओ परमेश्वर प्रसाद के निर्देशन में कोतवाल ब्रजेश बहादुर सिंह समस्त चौकी प्रभारियों, महिला व पुरुष सिपाहियों के साथ जुलूस में साथ रहे। आवारा जानवरों को रोकने के लिए पालिका के सफाई कर्मी भी जुलूस में मुस्तैद रहे।
Konch, Jalaun | Jun 26, 2026