जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार को विभिन्न विकासात्मक एवं महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता एवं भूमि चयन के संबंध में अंचल अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए भूमि चिन्हित करते समय विभिन्न बिंदुओं का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया। इसमें चिन्हित भूमि की प्रकृति, वन क्षेत्र, सरकारी एवं रैयती भूमि, प्रभावित परिवारों की संख्या तथा अनुसूचित जाति/जनजाति के प्रभावित परिवारों की संख्या आदि की जानकारी संकलित करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि परियोजनाओं के लिए भूमि का चयन करते समय रेलमार्ग एवं सड़क मार्ग की उपलब्धता तथा पानी की उपलब्धता को भी ध्यान में रखा जाए। साथ ही, चिन्हित भूमि से संबंधित आवश्यक विवरण एवं प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में विभिन्न परियोजनाओं के लिए उपलब्ध भूमि की भी समीक्षा की गई। बड़ी सरकारी परियोजनाओं के लिए चिन्हित भूमि तथा अन्य संभावित भूमि की उपलब्धता पर चर्चा की गई। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध भूमि का समुचित विवरण तैयार करने पर बल दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी बड़ी एवं महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए उपलब्ध एवं उपयुक्त भूमि का समेकित विवरण तैयार कर भूमि बैंक का निर्माण/संधारण किया जाए। भविष्य में किसी बड़ी परियोजना के लिए भूमि की आवश्यकता होने पर भूमि बैंक में उपलब्ध भूमि के विवरण के आधार पर उपयुक्त भूमि का चयन किया जा सकेगा। इससे परियोजनाओं के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया में तेजी आएगी तथा अनावश्यक विलंब से बचा जा सकेगा।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि भूमि चयन के उपरांत अधिग्रहण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो। भूमि अधिग्रहण से संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई एवं प्रक्रियाओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
Banka, Bihar | Sep 21, 2026