बांका समाहरणालय परिसर से आज जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा हरी झंडी दिखाकर LED युक्त वज्रपात सुरक्षा रथ को रवाना किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि वज्रपात से होने वाली जनहानि को कम करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आमजनों को वज्रपात से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत बांका जिले के सभी 11 प्रखंडों की 150 संवेदनशील पंचायतों में LED सुरक्षा रथ के माध्यम से प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि LED सुरक्षा रथ के माध्यम से आमजनों को वज्रपात से पहले बरती जाने वाली सावधानियों, क्या करें और क्या न करें, मौसम संबंधी चेतावनी के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जागरूकता कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में आमजनों तक वज्रपात से बचाव संबंधी आवश्यक जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही, संचालित जागरूकता गतिविधियों का आवश्यक दस्तावेजीकरण भी किया जाए।
जिला पदाधिकारी, बांका द्वारा आमजनों से अपील की है कि वज्रपात के दौरान विशेष सावधानी बरतें। मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें तथा वज्रपात की स्थिति में खुले मैदान, पेड़ एवं अन्य असुरक्षित स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित स्थान पर रहें।
Banka, Bihar | Sep 21, 2026