बनीखेत में बड़ा हादसा टला: बजरी से लदे टिप्पर का टायर फटा, खड़ी स्कूटी को मारी टक्कर
सुरेंद्र ठाकुर
चंबा 05 अगस्त 2026
बनीखेत: चंबा जिले के बनीखेत में बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एनएच-154ए पर बजरी से लदे एक टिप्पर का अचानक टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी से जा टकराया। हादसे में स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टिप्पर एनएच-154ए से गुजर रहा था कि अचानक तेज धमाके के साथ उसका टायर फट गया। टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टिप्पर सड़क किनारे खड़ी स्कूटी से टकरा गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन किसी के हताहत न होने से सभी ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय स्कूटी के पास कोई व्यक्ति खड़ा होता या सड़क से गुजर रहा होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद स्कूटी मालिक और टिप्पर चालक के बीच आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया। इसी कारण पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई।
हालांकि इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि ऐसे वाहनों की नियमित फिटनेस जांच, टायरों की स्थिति और ओवरलोडिंग की निगरानी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। हालांकि वाहन के ओवरलोड होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
#Chamba #Banikhet #NH154A #RoadAccident #Tipper #ScootyAccident #HimachalPradesh #ChambaNews #BreakingNews #AccidentNews #RoadSafety #HeavyVehicle #HimachalNews #PangiLiveNews #SurenderThakur #TrendingNews #SafetyFirst #BanikhetNews #ChambaUpdates #HimachalBreaking
Chamba, Chamba | Aug 5, 2026