श्री मणिमहेश यात्रा-2026 की तैयारियों का उपायुक्त ने लिया जायजा, बिना पंजीकरण यात्रा नहीं
सुरेंद्र ठाकुर
भरमौर, 5 अगस्त
श्री मणिमहेश यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने बुधवार को हड़सर से डल झील मणिमहेश तक यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, सुरक्षा, ठहराव स्थल, शौचालय, सफाई व्यवस्था और कूड़ा-कचरा प्रबंधन सहित विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने यात्रा मार्ग पर संचालित दुकानों का भी निरीक्षण किया और दुकानदारों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा मार्ग पर छोटी पानी की बोतलों तथा नमकीन आदि के छोटे पैकेटों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी, ताकि प्लास्टिक कचरे पर रोक लगाई जा सके और मणिमहेश घाटी की प्राकृतिक सुंदरता व जैव विविधता सुरक्षित रहे।
इसके अलावा उन्होंने संपूर्ण यात्रा मार्ग पर बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने के निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने धनछो के समीप दुनाली में पैदल पुल और सड़क की मरम्मत तथा सुंदरासी से ऊपर ग्लेशियर प्वाइंट के सुधार कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए। साथ ही यात्रा मार्ग पर चल रहे अन्य निर्माण कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा पर निकलने से पहले अनिवार्य रूप से पंजीकरण करवाएं और मौसम की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा शुरू करें। उन्होंने कहा कि इस वर्ष सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण अनिवार्य है और बिना पंजीकरण यात्रा की अनुमति नहीं होगी।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विकास शर्मा, एसडीएम अजय कुमार, वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
https://we.tl/t-KjfYLnfZLaBzD18z
#ManimaheshYatra2026 #Manimahesh #Bharmour #Chamba #HimachalPradesh #MukeshRepaswal #Pilgrimage #EnvironmentProtection #PlasticFree #TravelUpdate #ChambaNews #HimachalNews #BreakingNews #PangiLiveNews
Chamba, Chamba | Aug 5, 2026