रावमापा देहूरी में तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न,
भाजपा नेता ओम प्रकाश ठाकुर ने विजेताओं को बांटे पुरस्कार
Kullu Times
सैंज घाटी के तहत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देहूरी में तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में घाटी के दो दर्जन विद्यालय के अंडर 14 छात्राओं ने कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, दौड़, लंबी कूद और भाषण प्रतियोगिता सहित विभिन्न खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में छात्रों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शनिवार को प्रतियोगिता के समापन समारोह में बंजार भाजपा के नेता ओम प्रकाश ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए और सभी छात्रों को बधाई दी।इस मौके पर अपने संबोधन में ओम प्रकाश ठाकुर ने छात्रों को नशे जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, "खेल अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवन का आधार है। आज का युवा यदि खेलों से जुड़ा रहेगा तो वह नशे जैसी बुराइयों से खुद-ब-खुद दूर रहेगा। यही हमारे गांव और देश का भविष्य है।"उन्होंने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए स्कूल प्रबंधन को बधाई दी और स्कूल के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य कुलदीप चौहान, पूर्व प्रधान राजकुमार भंडारी, समस्त स्टाफ, एसएमसी अध्यक्ष और अभिभावक मौजूद रहे।
Kullu, Kullu | Sep 5, 2026