एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने कुल्लू के लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र में संस्थान राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत (NBT) की पुस्तक प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया
Kullu Times
एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने कुल्लू के लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र में संस्थान राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत (NBT) की पुस्तक प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया। यह पुस्तक प्रदर्शनी,5 से 11 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने छात्र छात्राओं में आरम्भ से पढ़ने लिखने की प्रवृत्ति को विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रांति के इस दौर में पुस्तकें पढने का अपना ही महत्व है क्योकि स्क्रीन पर पढ़ने में पुस्तक पढ़ने जितना आनंद नहीं है।उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने पाठ्यक्रम कि पुस्तकों के अलावा भी अपनी रूचि कि पुस्तकों को नियमित पढ़ने की प्रवृति को विकसित करना चाहिए ताकि उनका बौद्धिक विकास हो सके। उन्होंने सभी से आह्वाहन किया कि वे इस प्रदर्शनी का अवलोकन करें तथा अपनी रूचि की पुस्तकें लेकर पढ़ें।
राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के सहायक निदेशक विक्रम सिंह मीना, तथा सहायक प्रबंधक अमित कुमार ने मुख्य अतिथि सहित उपस्थित सभी पुस्तक प्रेमियों का स्वागत किया।उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों, युवाओं और आम पाठकों में पठन-पाठन की आदत को बढ़ावा देने तथा समाज में एक सशक्त पठन संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन स्वायत्तशासी संस्थान राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, (NBT) द्वारा जिला सांस्कृतिक परिषद कुल्लू एवं भाषा संस्कृति विभाग के विशेष सहयोग से हिमाचल प्रदेश के कुल्लू स्थित ऐतिहासिक लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र, ढालपुर में इस पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह सात दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी दिनांक 05 सितंबर 2026 से 11 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 7 बजे तक आम जनता और पुस्तक प्रेमियों के लिए निःशुल्क खुली रहेगी। उन्होंने बताया कि विगत 70 वर्षों से देश के प्रत्येक कोने में पुस्तकों और पठन संस्कृति को प्रोत्साहित करने में जुटा एनबीटी इस प्रदर्शनी के माध्यम से विविध प्रकार की उत्कृष्ट पुस्तकें लेकर आ रहा है। इस आयोजन में विभिन्न आयु वर्ग के पाठकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधार्थियों के लिए 60 से अधिक भारतीय भाषाओं एवं बोलियों में गुणवत्तापूर्ण, ज्ञानवर्धक और आयु-उपयुक्त पुस्तकें सहज रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनमें बाल साहित्य, युवा साहित्य, प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु उपयोगी सामग्री, साहित्यिक कृतियाँ तथा विज्ञान एवं कला से जुड़ी ढेरों पुस्तकें शामिल हैं।उन्होंने कहा यह प्रदर्शनी युवा पाठकों के लिए गुणवत्तापूर्ण पुस्तकों को करीब से जानने-समझने, विविध प्रकार के प्रकाशनों से परिचित होने तथा कक्षा-कक्ष की नियमित पढ़ाई से आगे बढ़कर बहुआयामी अध्ययन में रुचि विकसित करने का एक उत्कृष्ट मंच सिद्ध होगी। उन्होंने ने कुल्लू एवं आसपास के क्षेत्रों के सभी शैक्षणिक संस्थानों, महाविद्यालयों, विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आम पुस्तक अनुरागियों से इस ज्ञानोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने और पुस्तक प्रदर्शनी का अवलोकन करने का तथा इसका भरपूर लाभ उठाने का हार्दिक आह्वान किया है। इस अवसर पर जिला भाषा अधिकारी प्रोमिला गुलेरिया, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा ज्ञानचंद सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य, साहित्यकार, तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Kullu, Kullu | Sep 5, 2026