फतेहपुर तगा में पिस्टल की नोक पर ₹1.04 करोड़ की डकैती...
गांव फतेहपुर तगा की जोहड़ कॉलोनी में पिस्टल की नोक पर एक व्यक्ति को बंधक बनाकर 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये लूटने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-30 ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फतेहपुर तगा निवासी साहुन खान (38), अमरोहा के गांव मठेपुर निवासी हैदर अली उर्फ इमामुद्दीन (28), गांव डिडौली निवासी मोहम्मद आरिफ (32) और गांव फतेहपुर माफी निवासी मोसीब आलम (30) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर को साहुन को फरीदाबाद से, जबकि अन्य तीन आरोपियों को समथला, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया।
सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2 वरुण कुमार दहिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जांच में साहुन को शिकायतकर्ता अब्दुल कदीम के घर में नकदी रखे होने की जानकारी होने की बात सामने आई है। अब्दुल कदीम ने जमीन बेची थी और उससे प्राप्त रकम घर में रखी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, साहुन ने अपने परिचित लियाकत को इस नकदी की जानकारी देकर डकैती की योजना बनाने के लिए कहा। इसके बाद लियाकत ने अपने साथियों की टीम तैयार की। उसके कहने पर निजाम, तयुब, रिहान, सलिम, हैदर अली, आरिफ और मोसीब अर्टिगा गाड़ी से फतेहपुर तगा पहुंचे। आरोप है कि साहुन ने दो लोगों को मोटरसाइकिल पर बैठाकर घर की रेकी कराई और आने-जाने के रास्ते बताए।
पुलिस जांच के मुताबिक, 25 और 26 सितंबर की दरमियानी रात करीब दो बजे आरोपी घर के बाहर पहुंचे। इनमें से पांच लोग भीतर घुसे, जबकि दो गाड़ी लेकर अलग स्थान पर चले गए। घर में घुसे लोगों ने अब्दुल कदीम को बंधक बनाकर नकदी लूट ली।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 25 सितंबर को उन्होंने पुराने मकान से नए मकान में सामान शिफ्ट किया था। रात करीब 2:10 बजे चेहरे ढके चार-पांच युवक मकान में घुस आए। एक ने उनकी कनपटी पर पिस्टल लगाकर कमरे की चाबी मांगी। इसके बाद उनके हाथ पीछे बांध दिए गए और मुंह व पैर भी बांध दिए गए।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने लोहे की रॉड से कमरे और संदूक का ताला तोड़कर 1,04,80,000 रुपये की नकदी लूट ली। इस संबंध में थाना धौज में 26 सितंबर को मामला दर्ज किया गया था। पुलिस रिमांड के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से वारदात और अन्य साथियों की भूमिका के बारे में पूछताछ कर रही है।