हादसों में जान गंवाने वालों के परिजनों को मिली चार-चार लाख की सहायता
विधायक और एसडीएम ने घर पहुंचकर पूरी कराई सहायता राशि की प्रक्रिया
कोंच। कस्बे में हाल ही में हुए दो अलग-अलग हादसों में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को शासन की ओर से दैवीय आपदा सहायता राशि उपलब्ध कराई गई। शुक्रवार को विधायक मूलचंद निरंजन ने एसडीएम अभिनव कुमार के साथ दोनों मृतकों के घर पहुंचकर उनके आश्रितों के खातों में चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि भेजने की औपचारिकता पूरी की। विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आपदा और हादसों में अपनों को खोने वाले परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना है। किसी परिवार के सदस्य को खोने की पीड़ा आर्थिक सहायता से कम नहीं हो सकती, लेकिन संकट की घड़ी में शासन की ओर से मिलने वाली सहायता परिवार के लिए कुछ सहारा जरूर बनती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। गौरतलब है कि 8 सितंबर को ग्राम लौना निवासी मजदूर दौलत सिंह की कोंच-नदीगांव रोड स्थित सिकरी पुलिया के पास नाले में गिरने से मौत हो गई थी। वहीं गांधीनगर निवासी मंगल सिंह घर से बाजार के लिए निकले थे बताया गया तभी मंलगा नाले में गिर गए थे 10 सितंबर को उनका लापता शव एसआरपी कॉलेज के पीछे नर्सरी के समीप मलंगा नाले में मिला था। एसडीएम अभिनव कुमार ने बताया कि दोनों मृतकों के परिजनों के खातों में दैवीय आपदा के तहत चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि भेज दी गई है।
Konch, Jalaun | Sep 19, 2026