*स्वास्थ्य केंद्र पर लटका मिला ताला, मरीजों को छोड़कर नदारद रहा मेडिकल स्टाफ!*
*बड़ोंन कला के स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, मौके पर मिलीं सिर्फ सफाई कर्मचारी सुशीला, ताला लगाकर अस्पताल बंद किए जाने के आरोप*
दतिया। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के सरकारी दावों की हकीकत दतिया जिले की ग्राम पंचायत बड़ोंन कला में सामने आती दिखाई दे रही है। यहां संचालित स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्यकर्मियों की अनुपस्थिति और अस्पताल में ताला लटका होने का मामला सामने आया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य केंद्र पर मरीज उपचार की उम्मीद लेकर पहुंचे, लेकिन वहां कोई चिकित्सकीय स्टाफ मौजूद नहीं मिला। मौके पर सुशीला नाम की एक महिला मिलीं, जो सफाई कर्मचारी बताई गई हैं। आरोप है कि इसके बाद अस्पताल पर ताला लगाकर उसे बंद कर दिया गया और जिम्मेदार कर्मचारी मौके से चले गए।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि किसी ग्रामीण की अचानक तबीयत बिगड़ जाए या किसी मरीज को तत्काल प्राथमिक उपचार की आवश्यकता हो, तो वह आखिर कहां जाए? सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के दावे करती है, लेकिन बड़ोंन कला के स्वास्थ्य केंद्र से सामने आया यह मामला इन दावों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रहा है।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की जांच कराने, ड्यूटी के समय स्वास्थ्य केंद्र बंद मिलने की स्थिति स्पष्ट करने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
अब सवाल स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से है कि क्या बड़ोंन कला के स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था सुधरेगी या फिर ग्रामीण इसी तरह इलाज के लिए भटकते रहेंगे?