जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 26 प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने
धार, 29 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना के निर्देशानुसार एवं आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्य प्रदेश के आदेशों के अनुपालन में जिले भर में 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान' के अंतर्गत खाद्य विभाग के संयुक्त दलों द्वारा सघन निरीक्षण और जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को शुद्ध, उच्च गुणवत्तायुक्त एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा खाद्य कारोबारियों में खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के प्रति जागरूकता व अनुपालन सुनिश्चित करना है।
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों और संयुक्त दलों ने जिले की विभिन्न तहसीलों में स्थित प्रतिष्ठानों, डेयरियों और किराना दुकानों का औचक निरीक्षण किया। गंधवानी तहसील क्षेत्र में 5 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर बेसन, पनीर, मावा और साबूदाना के कुल 6 नमूने जांच हेतु लिए गए, साथ ही बिना खाद्य पंजीयन के व्यापार करने पर 1 प्रकरण दर्ज किया गया। कुक्षी तहसील में 5 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने के साथ-साथ चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से आम उपभोक्ताओं की उपस्थिति में खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान से संबंधित जन-जागृति कार्यक्रम आयोजित किया गया। मनावर तहसील में 6 प्रतिष्ठानों की जांच कर बेसन, मसाले, दूध और आइसक्रीम के 6 नमूने लिए गए तथा खाद्य पंजीयन न पाए जाने पर 4 प्रकरण बनाए गए।
इसी प्रकार डही तहसील में 5 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर घी, हल्दी पाउडर और सोयाबीन तेल के 4 नमूने लिए गए, बदनावर में 5 प्रतिष्ठानों से मावा, घेवर और पनीर के 3 नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए, सरदारपुर में 5 निरीक्षणों के तहत 6 नमूने तथा धरमपुरी तहसील में 5 निरीक्षणों के बाद 7 नमूने जांच के लिए संकलित किए गए। धार तहसील में सबसे व्यापक कार्रवाई करते हुए 12 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल 24 नमूने लिए गए तथा अमानक एवं मिलावट की आशंका के चलते मौके पर 8.5 किलोग्राम पनीर जप्त किया गया और 21 किलोग्राम गुजिया को नष्ट करवाया गया।
विभाग द्वारा सभी संकलित नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया गया है। परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगामी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि आम जनमानस के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ जिले में इस तरह की सख्त और निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
#foodsafety
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
Dhar, Madhya Pradesh | Aug 29, 2026