सहारनपुर में सपा सांसद हरेंद्र मलिक का प्रशासन पर हमला, बोले- ‘अब तो आपातकाल है भाई’
सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर की मस्जिद प्रकरण को लेकर सियासी हलचल तेज है। इसी बीच मुजफ्फरनगर से समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक सोमवार को सहारनपुर पहुंचे। सांसद कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और कमिश्नर से मिलने के लिए काफी देर तक इंतजार किया, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी।कमिश्नर के उपलब्ध नहीं होने पर सांसद हरेंद्र मलिक ने अपर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा और मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि वह पहले से समय लेकर कमिश्नर से मिलने आए थे, लेकिन उन्हें बताया गया कि अपरिहार्य कारणों से कमिश्नर को बाहर जाना पड़ा।हरेंद्र मलिक ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा, “अब तो आपातकाल है भाई। लोकतंत्र में सब लोगों के काम होते हैं, जब लोकतंत्र ही न रहे तो क्या?”उन्होंने कहा कि वह किसी लड़ाई को बढ़ाना नहीं चाहते, बल्कि अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने गलत किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।सांसद ने पोस्टर लगाकर माहौल खराब करने वालों पर भी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा, “जो लोग भाईचारा खत्म करना चाहते हैं, हम उन लोगों में से नहीं हैं। हम भाईचारा कायम करना चाहते हैं।”उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से अपील की कि माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और जिले में शांति एवं भाईचारा कायम रखा जाए।
सांसद के पहुंचने के दौरान कमिश्नर कार्यालय परिसर में पुलिस फोर्स भी तैनात रहा। हरेंद्र मलिक ने बताया कि उनके साथ पार्टी के अन्य नेता और एमएलसी भी मौजूद हैं।