गौ संवर्धन के क्षेत्र में ग्राम बिछिया की आदर्श श्री गोपाल कृष्ण गौशाला के प्रयास सराहनीय : संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा
--------------------------------------
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत संभागायुक्त ने गौशाला का किया अवलोकन, व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों की सराहना की
--------------------------------------
विदिशा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत भोपाल संभागायुक्त श्री कर्मवीर शर्मा ने आज विदिशा जिले के ग्राम बिछिया का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम बिछिया स्थित आदर्श श्री गोपाल कृष्ण गौशाला पहुंचकर गौ संवर्धन एवं गौ संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और गतिविधियों का अवलोकन किया।
संभागायुक्त श्री शर्मा ने गौशाला में संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए गौवंश के संरक्षण, संवर्धन तथा उनके समुचित रखरखाव के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने गौशाला में उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं गौ संवर्धन की दिशा में किए जा रहे कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इन्हें सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि गौशालाएं केवल गौवंश के संरक्षण का केंद्र ही नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, जैविक संसाधनों के उपयोग और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। गौशालाओं के बेहतर संचालन और व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए सामूहिक सहभागिता एवं निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम स्तर पर संचालित गतिविधियों के अवलोकन के दौरान संभागायुक्त का यह भ्रमण गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों को प्रोत्साहित करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने ग्राम बिछिया में स्थित आदर्श गौशाला में गौवंश के लिए उपलब्ध कराई गई विभिन्न सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं से संभागायुक्त को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि गौशाला में गौवंश के समुचित रखरखाव, उनके खान-पान एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। गौवंश की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए भी विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि गौवंश को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण मिल सके। कलेक्टर ने पशुपालन विभाग के माध्यम से गौवंश के स्वास्थ्य की देखभाल एवं बीमार पशुओं के उपचार के लिए किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गौशालाओं में पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण, समय पर उपचार तथा आवश्यक पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी, वनमंडलाधिकारी श्री हेमंत यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav #मुख्यमंत्री_जनविश्वास_अभियान #vidisha