Public App Logo
दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल टावर स्थापना को लेकर बैठक, अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण लखीसराय। जिले के दूरस्थ एवं सेवा वंचित क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध कराने तथा डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों एवं दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या और नए मोबाइल टावर की स्थापना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, बीएसएनएल लखीसराय के JTO अनीश कुमार, निदेशक ग्रामीण दूरसंचार विभाग पटना सत्येश कुमार सहित जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सूर्यगढ़ा बीडीओ एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में बताया गया कि जिले में चार प्रमुख डार्क स्पॉट चिह्नित किए गए हैं, जहां मोबाइल नेटवर्क या तो उपलब्ध नहीं है अथवा बेहद कमजोर है। इनमें सूर्यगढ़ा प्रखंड के हनुमान स्थान, श्रृंगी ऋषि धाम एवं मोरवे डैम के मध्य का क्षेत्र तथा लठिया भैरो टोला (कोरासी) और चानन प्रखंड के सतघरवा, महाजनवा, कुंदरी एवं राजघाट कोल क्षेत्र शामिल हैं। सतघरवा, महाजनवा, कुंदरी एवं राजघाट कोल क्षेत्र में मोबाइल टावर स्थापना की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। इन स्थानों पर जल्द ही टावर लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा। वहीं, अन्य चिह्नित क्षेत्रों में जिला प्रशासन, दूरसंचार मंत्रालय, बीएसएनएल, एयरटेल, जियो एवं अन्य नेटवर्क प्रदाता कंपनियों की टीम संयुक्त रूप से सर्वे करेगी। सर्वे के बाद तकनीकी रूप से उपयुक्त स्थानों का चयन कर मोबाइल टावर स्थापित किए जाएंगे।बैठक के बाद जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में बीएसएनएल की टीम एवं संबंधित पदाधिकारियों ने हनुमान स्थान, श्रृंगी ऋषि धाम, मोरवे डैम के मध्य क्षेत्र तथा लठिया भैरो टोला (कोरासी) का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान संभावित स्थलों पर बीएसएनएल नेटवर्क की फ्रीक्वेंसी एवं तकनीकी उपयुक्तता की जांच की गई, ताकि ऐसे स्थान का चयन किया जा सके, जहां से अधिकतम क्षेत्र में बेहतर मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध हो सके। अधिकारियों ने बताया कि इन क्षेत्रों में मोबाइल टावर स्थापित होने से स्थानीय लोगों को बेहतर मोबाइल एवं इंटरनेट सेवा उपलब्ध होगी और डिजिटल कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार आएगा। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर टावर स्थापना का कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधा मजबूत होने से आम नागरिकों को मोबाइल एवं इंटरनेट सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा। - Lakhisarai News