#बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे #डीएम, राहत-बचाव व्यवस्थाओं का लिया जायजा
पर्वतपुर और भोजपुरवा में बाढ़ पीड़ितों का जाना हाल, सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने की अपील
#बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को तहसील बांसडीह के बाढ़ प्रभावित ग्राम पर्वतपुर और भोजपुरवा का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से राशन, भोजन, चिकित्सा समेत अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक समय से सभी आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने के निर्देश दिए।
ग्राम पर्वतपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बाढ़ पीड़ितों के ठहरने की व्यवस्था की गई है, जहां करीब 50 लोगों के रुकने की क्षमता है। जिलाधिकारी ने राहत शिविर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। बाढ़ प्रभावित लोगों के उपचार के लिए मेडिकल टीम और पशुओं के इलाज के लिए पशु चिकित्सा टीम भी तैनात की गई है। डीएम ने मेडिकल टीम से उपलब्ध दवाओं और उपचार व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
इसके बाद जिलाधिकारी नाव के माध्यम से ग्राम भोजपुरवा पहुंचे और बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। निरीक्षण के दौरान गांव में करीब 20 लोग अपने पशुओं के साथ मौजूद मिले। जिलाधिकारी ने सभी से अपील की कि वे शाम तक नाव के माध्यम से सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट हो जाएं। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीएम ने तहसीलदार को बाढ़ प्रभावित परिवारों के घरों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन बाढ़ पीड़ितों के पास रहने के लिए जमीन नहीं है, उन्हें नियमानुसार जमीन का पट्टा उपलब्ध कराने तथा पात्र प्रभावितों को मुआवजा दिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए 9 नावों की व्यवस्था की गई है, जबकि 35 एनडीआरएफ कर्मियों की टीम तैनात है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम बांसडीह, तहसीलदार बांसडीह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।