#गाजीपुर की टीम ने #जीता सैयद जमालुद्दीन इनामी मालूमाती मुकाबला, प्रो. सिराजुद्दीन अजमली का हुआ सम्मान
#दरगाह हज़रत सैयद शाहवली कादरी सिकन्दरपुर के परिसर में हज़रत सैयद जमालुद्दीन अजमली की याद में आयोजित वार्षिक इनामी मालूमाती मुकाबला उत्साह, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने हिस्सा लिया और ज्ञानवर्धक सवालों के जवाब देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुकाबले में गाजीपुर की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम में नेशनल अवार्ड के लिए नामित डॉ. इफ्तेखार खान को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद डॉ. इफ्तेखार खान आयोजन में पहुंचे और कुछ समय तक मौजूद रहकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। व्यस्त कार्यक्रम के चलते बाद में उन्हें प्रस्थान करना पड़ा।
वहीं अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के उर्दू विभाग के अध्यक्ष प्रो. सैयद सिराजुद्दीन अजमली विशेष अतिथि एवं निर्णायक के रूप में मौजूद रहे। उनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। प्रतियोगिता के परिणाम की घोषणा के बाद उनके हाथों प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली गाजीपुर की टीम को ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में चांदनी चौक की टीम ने द्वितीय और अंजुमन अकमल अजमल की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को अतिथियों एवं आयोजन समिति की ओर से सम्मानित किया गया।
मुकाबले की स्कोरिंग व्यवस्था की जिम्मेदारी हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मास्टर नजरुल बारी (बबलू मास्टर) एवं इरशाद मास्टर ने बखूबी निभाई। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सैयद कमर अजमली ने किया। अतिथियों के स्वागत में सैयद जफर अजमली एवं सैयद कमर अजमली की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रो. सिराजुद्दीन अजमली को दरगाह की ओर से विशेष सम्मान
कार्यक्रम के दौरान अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के उर्दू विभाग का अध्यक्ष बनाए जाने पर प्रो. सैयद सिराजुद्दीन अजमली को दरगाह की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
दरगाह के मुतवल्ली डॉ. मिनहाजुद्दीन अजमल की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में दारुल उलूम सरकरे आसी के प्रधानाचार्य मौलाना रहमतुल्लाह एवं हाफिज हमीदुल कादरी के हाथों प्रो. अजमली को अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी फैजी अंसारी ने भी प्रो. सैयद सिराजुद्दीन अजमली को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उपस्थित अतिथियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने प्रो. अजमली को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्3य की कामना की।
आयोजन के समापन पर जताया आभार
समापन अवसर पर दरगाह के मुतवल्ली डॉ. मिनहाजुद्दीन अजमल ने मुख्य अतिथि, विशेष अतिथि, निर्णायक मंडल, सभी प्रतिभागी टीमों, आयोजकों, सहयोगियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इस तरह के मालूमाती मुकाबले नई पीढ़ी में ज्ञान, धार्मिक एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
अंत में अध्यक्ष की अनुमति के बाद कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई। पूरे आयोजन के दौरान दरगाह परिसर में उत्साह, भाईचारे और सौहार्द का माहौल बना रहा।