सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं सेवा ही मुक्ति का मार्ग - श्री शांति प्रिय दास स्वामी
आशा आश्रय से तीन उपचारित मनोरोगियों का परिवार में किया पुनर्वास
बड़वानी 05 नवम्बर 2026/ भारत वसुधैव कुटुंबकम को आत्मसात करने वाला देश है। आशाग्राम ने भी संपूर्ण वंचित वर्ग को समावेशी जीवन के योग्य बनाने में जो योगदान दिया है वह यज्ञ के समान है। जिस प्रकार यज्ञ में विभिन्न आहुतियां समाहित होकर अनुष्ठान को साकार करने में तथा संपूर्ण परिवेश को सकारात्मक बनाने में अहम होती है वैसे ही सेवा कार्यों की संचार गति भी तीव्र होकर समाज को समरस बनाकर सेवा का आइना दिखाती है।
उक्त बातें श्री कष्टभंजनदेव धाम दाहोद के संत श्री शांतिप्रिय दास स्वामी जी ने कही। उन्होंने कहा ट्रस्ट की सेवाभावी टीम बारंबार साधुवाद की पात्र है। जिन्होंने कई बार संस्था को विषम परिस्थिति में उभार कर सेवा के लिए तत्पर बनाने में योगदान दिया है। स्वामी जी ने कहा सेवा पथ पर बढ़े घबराएं नहीं। मैं अब जब भी मुझे अपने कार्य दायित्वों से समय मिलेगा मैं यहां आकर इनके बीच समय बिताऊंगा तथा सदेव यहां निष्काम भाव से जुड़ा रहूंगा। यहां मेरे मन को भाने वाला कार्य हो रहा है।
सभी ट्रस्टीगणों द्वारा श्री शांतिप्रिय स्वामी जी का माला पहनकर अभिनंदन किया, वहीं स्वामी जी ने भी सभी को आशीर्वाद स्वरुप माला पहनाई। श्री स्वामी जी की उपस्थिति में उत्तर प्रदेश के भदोही जिले सहित इंदौर एवं ठीकरी विकासखंड के कुल तीन मनोरोगियों का परिवार में परिजनों की उपस्थिति में विदाई दी गई। इसके सहित कुल 63 मनोरोगियों का 5 वर्ष में पुनर्वास कार्य संभव हुआ है। दीपावली के अवसर पर ट्रस्ट के सभी सेवाभावी कर्मचारियों को ट्रस्ट के माध्यम से तथा स्वामी जी के करकमलो से उपहार एवं मिठाइयां बांटी गई।
इस दौरान मनोरोग विशेषज्ञ डॉ राहुल पाटीदार, आशाग्राम ट्रस्ट के सचिव डॉ चक्रेश पहाड़िया, कोषाध्यक्ष डॉ मदन सिंह सोलंकी, ट्रस्टी डॉ भूपेंद्र भार्गव, डॉ सुहास यादव, डॉ केपी सिंह श्री अशोक दोषी, श्री हुकम यादव श्री भरत भाई पुरोहित श्री हेमेंद्र शुक्ला श्री चंद्रकांत वर्मा, ट्रस्ट के सेवाभावी कर्मचारी आदि उपस्थित थे।
25 views | Barwani, Madhya Pradesh | Nov 5, 2026