डॉक्टरों की गैरहाजिरी पर डीएम सख्त, अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश
संत कबीर नगर, 1 अक्टूबर 2026। जिलाधिकारी श्रीमती अनुज मलिक ने संयुक्त जिला चिकित्सालय स्थित मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका की जांच में कई चिकित्सक और कर्मचारी निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं मिले। इस पर जिलाधिकारी ने अनुपस्थित चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी श्रीमती अनुज मलिक ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि अस्पताल में सभी चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं कर्मचारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने ड्यूटी के प्रारंभ और समाप्ति के समय बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के अव्यवस्थित रख-रखाव और अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की कमी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभिलेखों को व्यवस्थित रखने तथा अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई और छिड़काव सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली आवश्यक दवाएं मरीजों को अस्पताल से ही मिलें और मरीजों को अनावश्यक रूप से बाहर से दवा खरीदने के लिए न कहा जाए। उन्होंने मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार एवं सुचारु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।