मंडी में किसान की तिल्ली का कट्टा चोरी करते युवक पकड़ा, पुलिस के हवाले
कैलारस। कृषि उपज मंडी में किसानों की उपज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बृजगढ़ी से ट्रॉली में उपज लेकर मंडी पहुंचे एक किसान की तिल्ली (तिल) का कट्टा चोरी करते हुए एक युवक को किसानों ने पकड़ लिया। इसके बाद युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
मंडी परिसर में चोरी की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। व्यापारियों के गोदामों से माल चोरी होने के बाद अब किसान की उपज चोरी होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि मंडी में सुरक्षा गार्ड तैनात होने के बावजूद चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
मंडी परिसर की कई जगह बाउंड्री क्षतिग्रस्त है। वहीं, प्रवेश और निकास के रास्तों पर निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। किसान अपनी उपज बेचने के लिए कई बार एक दिन पहले ही मंडी पहुंच जाते हैं और रातभर परिसर में रुकते हैं। इस दौरान उनकी उपज खुले में या ट्रॉली में रखी रहती है, जिससे चोरी का खतरा बना रहता है।
किसानों का कहना है कि मंडी प्रशासन को सुरक्षा गार्डों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के साथ ही क्षतिग्रस्त बाउंड्री की मरम्मत करानी चाहिए। इसके अलावा प्रवेश और निकास के रास्तों पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि किसानों और व्यापारियों की उपज सुरक्षित रह सके।
#मुरैना #कैलारस #पुलिस #morena