प्रस्फुटन समितियों की क्षमता वृद्धि के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
अंबाह के कमतरी सेक्टर की आठ प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों ने लिया प्रशिक्षण, संवाद कौशल, दस्तावेजीकरण एवं संगठनात्मक उन्नयन की दी गई जानकारी
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड अंबाह अंतर्गत सेक्टर क्रमांक-4 कमतरी की प्रस्फुटन समितियों की एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन स्वामी पब्लिक स्कूल अंबाह में किया गया। कार्यशाला का आयोजन नवांकुर संस्था आदर्श रामसनेही जन चेतना शिक्षा एवं विकास समिति अंबाह द्वारा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री सतीश सिंह तोमर के मार्गदर्शन में किया गया। प्रशिक्षण में सेक्टर की आठ प्रस्फुटन समितियों के 20 सदस्य एवं पांच नवांकुर सखियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक अंबाह श्री रामकेश सिंह सिकरवार ने की। मुख्य अतिथि के रूप में श्री भीकम सिंह तोमर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में परामर्शदाता श्री प्रेमदीप कुलश्रेष्ठ एवं श्री आनंद सिंह तोमर उपस्थित रहे। श्री कुलदीप शर्मा ने वंदे मातरम् का गायन प्रस्तुत किया।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में समाजसेवी श्री आनंद सिंह तोमर ने ‘प्रस्फुटन समितियों का स्वयंसेवी संगठनों के रूप में उन्नयन’ विषय पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने समितियों को सामाजिक विकास की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा सामूहिक सहभागिता के माध्यम से स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए प्रेरित किया।
द्वितीय सत्र में विकासखंड समन्वयक श्री रामकेश सिंह सिकरवार ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के परिचय, उद्देश्यों एवं लक्ष्यों की जानकारी देते हुए परिषद की कार्यप्रणाली और सामाजिक क्षेत्र में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। तृतीय सत्र में परामर्शदाता श्री प्रेमदीप कुलश्रेष्ठ ने संवाद कौशल की आवश्यकता एवं उसके उन्नयन विषय पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने प्रभावी संवाद के माध्यम से सामाजिक समन्वय एवं जनभागीदारी बढ़ाने के बारे में जानकारी दी।
चतुर्थ सत्र में वरिष्ठ समाजसेवी श्री भीकम सिंह तोमर ने प्रस्फुटन समितियों के दस्तावेजीकरण के महत्व एवं उसकी प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने समितियों को अपनी गतिविधियों, बैठकों एवं सामाजिक कार्यों का व्यवस्थित अभिलेखीकरण करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला का संचालन आदर्श रामसनेही जन चेतना शिक्षा एवं विकास समिति के सचिव श्री सुरेंद्र छारी ने किया। अंत में श्री राजीव प्रजापति ने आभार व्यक्त किया। कार्यशाला के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
2 views | Morena, Madhya Pradesh | Oct 31, 2026