3 करोड़ की स्मैक के साथ अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का पर्दाफाश
रवांजना डूंगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 153.34 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
सवाई माधोपुर। रवांजना डूंगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय स्मैक तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कुश्तला टोल प्लाजा के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कार्रवाई कर 153.34 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी स्मैक के आदान-प्रदान के दौरान पकड़े गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभाष गुर्जर (35) निवासी करौली, हाल दौसा और रामनिवास मीणा (28) निवासी छीपा बड़ौद क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार और पिकअप वाहन भी जब्त किए हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से स्मैक की तस्करी से जुड़े थे और सवाई माधोपुर, करौली, दौसा, जयपुर सहित एनसीआर क्षेत्र में इसकी सप्लाई करते थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।
यह कार्रवाई साइबर सेल जयपुर रेंज की सूचना और तकनीकी मदद से रवांजना डूंगर थाना पुलिस ने की। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान जारी है।