आगामी दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व-2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था के संधारण तथा पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज चंद्रशेखर सिंह नगर भवन (टाउन हॉल), बांका में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया, ताकि स्थानीय स्तर पर आपसी समन्वय स्थापित कर विधि-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना लाइसेंस के किसी भी पूजा आयोजन की अनुमति नहीं होगी। सभी पूजा समितियों को निर्धारित नियमों एवं आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करना होगा।
छठ महापर्व की तैयारियों के संबंध में जिला पदाधिकारी द्वारा उपस्थित जनप्रतिनिधियों से जानकारी प्राप्त की गई। जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न घाटों एवं संबंधित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में दिए गए सुझावों को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने एवं समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों एवं पूजा स्थलों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सतत निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पर्व-त्योहारों के दौरान आमजन की सुविधा, सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण आयोजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।
पर्व-त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, पूजा स्थलों एवं छठ घाटों के आसपास यातायात प्रबंधन, वाहनों के सुचारू आवागमन तथा आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही, आवश्यकतानुसार पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि पर्व के दौरान लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले किसी भी प्रकार के विवादित या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों के विरुद्ध प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा पर्व-त्योहारों के दौरान आपसी सद्भाव, भाईचारा एवं शांति बनाए रखें।
बैठक में पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, यातायात प्रबंधन तथा आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु आवश्यक तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
अंत में शांति समिति के सदस्यों एवं आमजन से पर्व-त्योहारों के दौरान आपसी सहयोग, सामाजिक सौहार्द, भाईचारा एवं शांति बनाए रखने की अपील की गई।
25 views | Banka, Bihar | Nov 2, 2026