बलरामपुर! उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने किया ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस का निरीक्षण...
सीसीटीवी कंट्रोल रूम का जायजा लेकर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था परखी...
बलरामपुर, 13 अगस्त 2026। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशन में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश श्री अमित कुमार ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस का बाह्य निरीक्षण किया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस की बाह्य सुरक्षा, निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
इसके बाद श्री अमित कुमार ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से वेयर हाउस एवं आसपास के क्षेत्र में की जा रही निगरानी व्यवस्था को देखा। साथ ही रैंडम रूप से पूर्व की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग का अवलोकन कर सुरक्षा व्यवस्था एवं निगरानी की प्रभावशीलता को परखा।
उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था में पूरी सतर्कता बरतने तथा सीसीटीवी के माध्यम से 24 घंटे प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस की सुरक्षा एवं निगरानी के लिए की गई व्यवस्थाओं से अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित निर्वाचन अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।