#बलरामपुर में गूंजा ‘भारत माता की जय’, प्रभारी मंत्री सतीश शर्मा के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा...
बलरामपुर, 13 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व जनपद बलरामपुर में गुरुवार को राष्ट्रभक्ति का भव्य नजारा देखने को मिला। जन-जन में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से मा० राज्यमंत्री खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति एवं जनपद के प्रभारी मंत्री श्री सतीश शर्मा के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
एमपीपी इंटर कॉलेज से शुरू हुई तिरंगा यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, युवाओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ी, पूरा नगर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंज उठा। विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंची, जहां इसका समारोहपूर्वक समापन हुआ।
यात्रा में विधायक सदर पल्टूराम, विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ल, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक विकास कुमार और मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल रहे।
स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचने पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत एवं मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन, वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों का संदेश दिया गया।
प्रभारी मंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री सतीश शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों और बलिदानियों के त्याग एवं संघर्ष की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य विशेष रूप से युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने जनपदवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने तथा स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और निर्धारित नियमों का पालन करते हुए अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
#balrampur #bjp #tringayatra