डीएम-एसपी ने शहर के प्रमुख छठ घाटों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
सीतामढ़ी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए डीएम तनय सुल्तानिया एवं एसपी अमित रंजन ने शनिवार की देर शाम शहर के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मेहसौल चौक स्थित लखनदेई छठ घाट, खड़का छठ घाट एवं पुनौरा छठ घाट पहुंचकर घाटों पर की गई साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं अन्य तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश, बैरिकेडिंग, पेयजल, यातायात नियंत्रण एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। घाटों पर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा भीड़ को देखते हुए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम पहले से तैयार रखे जाएं।
डीएम तनय सुल्तानिया ने कहा कि “छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और घाटों पर व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाते रहें।”
एसपी अमित रंजन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस पदाधिकारियों को घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस टीम को विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, सदर एसडीओ, डीपीआरओ कमल सिंह, उप नगर आयुक्त, बीडीओ, सीओ समेत जिला प्रशासन एवं नगर निगम के कई पदाधिकारी मौजूद थे।