गणेश पूजा को लेकर कांटी विधायक के नेतृत्व में निकली भव्य शोभायात्रा
गंगाराम पोखर से निकली यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, देवी-देवताओं की झांकियों ने मोहा मन
कांटी। दामोदरपुर पंचायत के गंगाराम पोखर से गणेश पूजन के अवसर पर रविवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा में विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल की गईं, जो लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। पूरे रास्ते श्रद्धालु धार्मिक जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
शोभायात्रा में युवाओं की बड़ी भागीदारी रही। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। धार्मिक गीतों और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। आयोजन को लेकर दामोदरपुर समेत आसपास के गांवों में भी उत्साह का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांटी विधायक ई. अजीत कुमार ने कहा कि धर्म और संस्कृति समाज को एकजुट रखने का कार्य करते हैं। ऐसे धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। युवाओं को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को समझकर उसे आगे बढ़ाने की जरूरत है।
शोभायात्रा में प्रेम सर्राफ, टुन्ना शर्मा, गणेश गुप्ता, छोटन सिंह, बिट्टू गुप्ता, विजय साह, मणिकांत प्रसाद, अरविंद पासवान, विजय चौधरी, बनावल गुप्ता, रामकिशोर भगत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।