*मिशन नीव कार्यक्रम के माध्यम से आंगनवाड़ी केन्द्रों में प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को किया जाएगा सुदृढ़*
---
*जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति की बैठक में वन स्टॉप सेंटर की समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश*
इंदौर, 18 नवम्बर 2026
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत इंदौर श्री हिमांशु प्रजापति की अध्यक्षता में बुधवार को जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन स्टॉप सेंटर की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा कर उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही आंगनवाड़ी केन्द्रों में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) को सुदृढ़ बनाने तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पूर्व प्राथमिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिशन नीव कार्यक्रम का रिलॉन्च किया गया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, अतिरिक्त उपायुक्त पुलिस (महिला सुरक्षा), जिला विधिक सहायता अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग, उच्च शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि, जिला मुख्य अभियोजन अधिकारी, दहेज सलाहकार बोर्ड के सदस्य, वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक, परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक तथा रॉकेट लर्निंग संस्था के अंतर्गत संचालित मिशन नीव कार्यक्रम के जिला समन्वयक उपस्थित थे।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री रजनीश सिन्हा ने मिशन नीव कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था में बच्चों की देखभाल एवं शिक्षा उनके सर्वांगीण विकास और उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के आंगनवाड़ी केन्द्रों में ईसीसीई गतिविधियों का नियमित संचालन सुनिश्चित करें तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करें।
बैठक में मिशन नीव टीम की जिला समन्वयक सुश्री मयुरी राजपूत एवं श्री ललित चौधरी ने कार्यक्रम की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों एवं गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिशन नीव के माध्यम से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सरल, रोचक एवं खेल आधारित वीडियो तथा दैनिक गतिविधियों के जरिए बच्चों के सर्वांगीण विकास और प्रारंभिक शिक्षा के लिए सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
बैठक में मिशन नीव कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पर्यवेक्षकों की सक्रिय भागीदारी, गतिविधियों का नियमित संचालन, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
#MissionNeev #EarlyChildhoodEducation #WomenChildDevelopment #Indore
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
1 views | Indore, Madhya Pradesh | Nov 18, 2026