पंचकूला पुलिस ने देर रात चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट ट्रिपलिंग कर रहे अंडरएज युवकों की बाइक का 18 हजार का काटा चालान, बाइक इंपाउंड
नाबालिगों को वाहन देने से पहले अभिभावक भी सोचें, डीसीपी अदिति सिंह ने कहा, सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ अभिभावकों की जिम्मेदारी भी बेहद अहम
पंचकूला/ 05 सितंबर :- शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए पंचकूला पुलिस लगातार फील्ड में सक्रिय है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार अब ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ थाना एवं चौकी स्तर की पुलिस टीमें भी नियमित रूप से नाकाबंदी और चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध वाहनों एवं नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई कर रही हैं।
इसी अभियान के तहत देर रात थाना सेक्टर-14 की टीम ने थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजवीर यादव के की अगुवाई में सेक्टर-12ए स्थित हरिहर मंदिर के पास चेकिंग के दौरान एक बाइक को रुकवाया। बाइक पर तीन युवक सवार थे। जांच के दौरान सामने आया कि युवक नाबालिग/अंडरएज थे। इसके अलावा किसी के पास हेलमेट नहीं था तथा वाहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। पुलिस टीम ने यातायात नियमों की गंभीरता को देखते हुए बाइक को 18,000 रुपये की कार्रवाई के तहत इंपाउंड कर थाना सेक्टर-14 में खड़ा करवाया।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने कहा कि पंचकूला पुलिस की असामाजिक तत्वों के साथ-साथ यातायात नियमों की उल्लंघना करने वाले वाहन चालकों पर भी कड़ी नजर है। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना स्वयं उनके लिए और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि बिना लाइसेंस वाहन न चलाएं, हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों की पालना करें। उन्होंने कहा कि पुलिस की फील्ड चेकिंग लगातार जारी रहेगी और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभिभावकों से भी अपील है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें और उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें।
Panchkula, Panchkula | Sep 5, 2026