3.16 करोड़ की साइबर ठगी में पंचकूला पुलिस ने हैदराबाद से दो और आरोपी किए गिरफ्तार; अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार
पंचकूला पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए देश के विभिन्न राज्यों तक फैले साइबर ठगी के नेटवर्क पर शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में साइबर क्राइम पुलिस टीम ने एक कंपनी के साथ हुई 3.16 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में हैदराबाद से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुन्नापुरेडी प्रवीन प्रसाद राजा निवासी हैदराबाद तथा वाकानागी रेड्डी निवासी जिला ईस्ट गोदावरी, आंध्र प्रदेश, हाल निवासी हैदराबाद के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को 29 अगस्त 2026 को हैदराबाद से काबू किया गया था और पूछताछ के बाद अदालत से पुलिस हिरासत रिमांड लिया गया।
यह मामला एक निर्माण कंपनी के कार्यालय के व्हाट्सऐप और लैपटॉप को निशाना बनाकर की गई साइबर ठगी से जुड़ा है। साइबर ठगों ने पहले कंपनी के पुराने कारोबारी संपर्क का फायदा उठाते हुए एक फर्जी जिप फाइल व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजी। इसके बाद कंपनी के व्हाट्सऐप पर कंपनी संचालक के नाम से एक अन्य मोबाइल नंबर से संदेश भेजे गए। अकाउंटेंट को विश्वास में लेकर ठगों ने कंपनी के बैंक खातों का बैलेंस पूछा और अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करने के निर्देश दिए। इस दौरान कंपनी के खातों से कुल 3 करोड़ 16 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए। बाद में कंपनी संचालक ने स्वयं फोन कर अकाउंटेंट को किसी भी प्रकार की आगे की ट्रांजेक्शन करने से रोक दिया, जिसके बाद पूरे साइबर फ्रॉड का खुलासा हुआ और पुलिस को शिकायत दी गई।
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 1 करोड़ 6 लाख रुपये इंटीग्रेटेड वूमेन डेवलपमेंट सोसाइटी के बैंक खाते में तथा 80 लाख रुपये पुन्नापुरेडी पकाशास्त्रुलु प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। तकनीकी जांच के आधार पर साइबर क्राइम थाना टीम ने प्रभारी युद्धवीर सिंह की अगुवाई में कार्रवाई करते हुए पुन्नापुरेडी प्रवीन प्रसाद राजा तथा उसके साथी वाकानागी रेड्डी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने साथियों तथा बैंक खातों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी पुलिस को दी है। इस मामले में पंचकूला पुलिस अब तक कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले पुलिस ने चेन्नई से देवराजन ए.पी. निवासी चेन्नई, पंडिश्वरी निवासी रामनाथपुरम, तमिलनाडु तथा सुशील गंजानन निवासी कोल्हापुर महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया था। इसके बाद हैदराबाद से पुन्नापुरेडी प्रवीन प्रसाद राजा तथा वाकानागी रेड्डी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पंचकूला पुलिस की टीमें विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। जांच में सामने आए अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia