स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार, चार विदेशी महिलाएं रेस्क्यू
चित्तौड़गढ़, 24 जून। चित्तौड़गढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के पैराडाईज होटल में संचालित एक स्पा सेंटर पर छापा मारकर देह व्यापार के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार विदेशी महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि डीएसपी बृजेश सिंह को सूचना मिली थी कि पैराडाईज होटल के प्रथम तल पर स्थित ब्ल्यू हैवन थाई स्पा में मसाज की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने डिकॉय ग्राहक भेजा, जिसके बाद टीम ने स्पा सेंटर पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर से चार विदेशी महिलाएं मिलीं, जिनमें दो थाईलैंड, एक युगांडा और एक लाओस की नागरिक हैं। जांच में सामने आया कि स्पा के मैनेजर और अन्य कर्मचारी इन महिलाओं से मसाज की आड़ में देह व्यापार करवाते थे। तलाशी के दौरान पुलिस को आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई।
पुलिस ने स्पा संचालक राहुल मेघवाल निवासी पाली, मनीष गोस्वामी निवासी पाली तथा गोपाल माली निवासी सोजत सिटी, पाली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम (PITA Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
रेस्क्यू की गई चारों विदेशी महिलाओं को उनकी सहमति के अनुसार सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की पालना में वन स्टॉप सखी सेंटर में रखा गया है। पुलिस उनके पासपोर्ट, वीजा और भारत आने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन्हें किस दलाल या नेटवर्क के माध्यम से स्पा सेंटर तक पहुंचाया गया।
प्रकरण की जांच डीएसपी ग्रामीण दिनेश सुखवाल के नेतृत्व में जारी है। पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य लोगों और संभावित मानव तस्करी के पहलुओं की भी जांच कर रही है।