डंपर ने साइकिल सवार छात्रा को कुचला, मौके पर मौत; तीन घंटे जाम रहा मार्ग
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिशनपुरा गांव के पास मंगलवार सुबह तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से साइकिल सवार 16 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर पहाड़िया-बलुआ मार्ग जाम कर दिया और धरने पर बैठ गए।
टाडिया बरथरा निवासी रोशनी कक्षा नौ की छात्रा थी। वह मंगलवार सुबह करीब नौ बजे साइकिल से कच्चा बाबा इंटर कॉलेज जा रही थी। बिशनपुरा गांव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से छात्रा सड़क पर गिर गई और डंपर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे वाहन समेत पकड़ लिया। छात्रा की मौत से नाराज ग्रामीणों ने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई और भारी वाहनों की रफ्तार पर रोक लगाने की मांग की।
सूचना पर एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार प्रीति पांडे भी घटनास्थल पर पहुंचीं। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। करीब तीन घंटे बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।
#LETESTNEWS #LetestUpdate 👇👇