वाराणसी में हो रही लगातार बारिश से कच्चा मकान ढहा, गृहस्थी का सामान नष्ट
वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र के बरकी गांव में बुधवार को लगातार बारिश के चलते धर्मेंद्र पटेल का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान गिरने से अंदर रखा चारपाई, गद्दे, बर्तन, कपड़े, खाद्य सामग्री समेत अधिकांश गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। इससे परिवार के सामने रहने और जरूरी सामान सुरक्षित रखने की समस्या खड़ी हो गई है।
बताया गया कि पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के कारण मकान की दीवारें और छत कमजोर हो गई थीं। बुधवार की रात करीब 11.30 बजे अचानक मकान का एक हिस्सा गिरा और देखते ही देखते पूरा मकान धराशायी हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार का कोई सदस्य अंदर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में परिवार की मदद की। पीड़ित ने क्षेत्रीय लेखपाल को घटना की जानकारी देकर क्षति का आकलन कराने तथा नियमानुसार आर्थिक सहायता और राहत दिलाने की मांग की है।
#LetestUpdate #LETESTNEWS #VaranasiUpdate 👇👇